“रुड़की के राजा पहलवान का कमाल, नेशनल गेम्स में जीता गोल्ड..
मेरठ में आयोजित "मिक्स मार्शल आर्ट्स इंडिया कॉम्बैट" लीग में 77 किग्रा वर्ग में लहराया परचम..

पंच👊नामा
रुड़की: शिक्षा नगरी रुड़की का नाम एक बार फिर खेल जगत में चमक उठा है। नगर के उभरते खिलाड़ी राजा पहलवान ने मिक्स मार्शल आर्ट्स इंडिया कॉम्बैट लीग नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच राजा पहलवान ने 77 किलोग्राम भार वर्ग में दमदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी पहली ही फाइट में मेरठ आर्मी के खिलाड़ी को पहले राउंड में पराजित कर मुकाबले पर एकतरफा पकड़ बना ली और गोल्ड मेडल जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
राजा पहलवान की इस उपलब्धि से रुड़की सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी जीत पर खेल प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने गर्व व्यक्त किया है। राजा पहलवान वर्तमान में रामनगर स्थित “वी फॉर एटलांटिस जिम” में कोच के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं, जहां वह युवाओं और बच्चों को फिटनेस के साथ-साथ मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण देते हैं। इससे पहले भी वह देहरादून में आयोजित नेशनल गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं, जिससे उनकी प्रतिभा लगातार निखरती नजर आ रही है।
अपनी सफलता का श्रेय राजा पहलवान अपने अंतरराष्ट्रीय कोच दिलशाद पहलवान (चंदौसी) को देते हैं। उनका कहना है कि कोच के मार्गदर्शन और कठिन प्रशिक्षण की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। राजा पहलवान का सपना है कि वह एक दिन भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा फहराएं और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर लौटें।



