
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हाइवे पर टक्कर मारकर भाग रहे कार चालक को रोकना होमगार्ड जवान को भारी पड़ गया। हरिलोक तिराहे पर कार रोकने की कोशिश करने पर चालक ने पहले होमगार्ड पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस को सूचना देकर कार का पीछा किया गया तो बहादराबाद में पुलिस ने उसे रोक लिया। यहां चालक ने पीछा कर पहुंचे होमगार्ड जवान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में जवान के बाएं हाथ का अंगूठा कट गया। इसके बाद आरोपित हथियार लहराते हुए फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, बेलड़ा रुड़की निवासी होमगार्ड संजीव कुमार यातायात ड्यूटी के लिए हरिलोक तिराहे पर तैनात थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार हाइवे पर एक वाहन को टक्कर मारकर भाग रही थी। चालक ने हरिलोक तिराहे पर भी एक कार को टक्कर मार दी। संजीव कुमार ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार उनके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की।
संजीव ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कार को बहादराबाद में ख्याति ढाबा तिराहे के पास रोक लिया। सूचना मिलने पर संजीव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चालक को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपित ने धारदार हथियार निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके बाएं हाथ का अंगूठा कट गया।
वारदात के बाद आरोपित हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकला। पीड़ित होमगार्ड की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर बहादराबाद अमरजीत सिंह ने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपित की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
——————-
हरिद्वार। ज्वालापुर के दुर्गा चौक के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू होकर ऑटो और चार कारों से जा भिड़ी। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब साढ़े छह बजे बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही थी। दुर्गा चौक के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पहले ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी चपेट में ले लिया। बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई।
हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। गनीमत रही कि उस समय अस्पताल के बाहर भीड़ नहीं थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में लेकर बस कब्जे में ले ली।



