
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार से लेकर सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वालों तक के खिलाफ एक साथ कार्रवाई करते हुए सख्ती का संदेश दिया है। चेकिंग और सूचना के आधार पर की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने एक महिला समेत दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर स्मैक और गांजा बरामद किया, जबकि आईएसबीटी में आपस में भिड़कर माहौल बिगाड़ रहे सात लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस की इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर देहरादून पुलिस द्वारा नशा तस्करी और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए, जबकि आईएसबीटी में विवाद के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले सात लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इन कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और चेकिंग अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।
केस-1 : 1.020 किलो गांजे के साथ महिला गिरफ्तार, पहले भी जा चुकी है जेल……
पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने फूलवती पत्नी राजकुमार, निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर, उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक महिला के कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुई थी। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे को वह छोटी-छोटी मात्रा में नशे के आदी स्थानीय लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी। पुलिस के मुताबिक फूलवती का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
केस-2 : चार लाख की स्मैक के साथ राशिद दबोचा…..
पटेलनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक अन्य कार्रवाई में राशिद पुत्र इरशाद, निवासी आजाद कॉलोनी, पटेलनगर, देहरादून, उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 10.19 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान राशिद को पकड़ा गया है। उसके खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी के धंधे में शामिल हुआ था। पुलिस के अनुसार वह स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में नशे के आदी स्थानीय लोगों को ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और सप्लाई करने वालों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
केस-3 : आईएसबीटी में भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने सात हुड़दंगियों को दबोचा……
पटेलनगर क्षेत्र के आईएसबीटी में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद सार्वजनिक स्थान पर जमकर हंगामा होने की सूचना ने पुलिस को दौड़ा दिया। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपी शांत होने के बजाय और उग्र हो गए तथा आपस में मारपीट पर उतारू हो गए। मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात लोगों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शोएब पुत्र लियाकत अली (24), मोनिस पुत्र इमरान (21), आरिस पुत्र इमरान (23), सदान पुत्र सलीम (21), फैजान अहमद पुत्र इरफान अहमद (34), रहमान पुत्र इरफान (30) और इमरान पुत्र अब्दुल सलाम (40) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सार्वजनिक स्थान पर आपसी विवाद को बढ़ने से रोकने और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए यह कार्रवाई की गई।
केस-4 : नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुराने मामलों की भी खुली फाइल….
पटेलनगर पुलिस की गांजा बरामदगी की कार्रवाई में गिरफ्तार फूलवती का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ वर्ष 2022 से वर्ष 2026 तक मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक मौजूदा कार्रवाई के दौरान बरामद 1 किलो 20 ग्राम गांजा को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को बेचने की तैयारी थी। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य संपर्कों और नशे के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। अलग अलग पुलिस टीमों में आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल चमन, कांस्टेबल हर्मेंद्र, कांस्टेबल नितिन सैनी, महिला कांस्टेबल संजू और दूसरी टीम में जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेडकांस्टेबल हरेंद्र व कांस्टेबल आजाद शामिल रहे।
केस 5:- पटेल नगर में अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार, 54 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद….
देहरादून। अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेल नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 54 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद की है। दरअसल पटेल नगर पुलिस की टीम रूटीन चेकिंग पर थी। इस दौरान बाजार क्षेत्र से संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 54 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी की पहचान सुरेंद्र पुत्र केयर सिंह, निवासी भूडपुर नयागांव, थाना पटेल नगर, उम्र 44 वर्ष के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ थाना पटेल नगर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अरुण और कांस्टेबल आबिद शामिल रहे।



