
पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रपुर/देहरादून। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत STF को बड़ी सफलता मिली है। चर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को STF और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रुद्रपुर क्षेत्र से पकड़कर कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की दिनदहाड़े उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब नौ बजे आई-10 कार से पहुंचे बदमाशों ने पार्षद को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों की गोलियां सिर, गले और सीने में लगने से पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए। जान बचाने के लिए भागने की कोशिश के दौरान बदमाशों ने उनका पीछा कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
जांच में सामने आया कि हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। वारदात को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब चार लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत सात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जिनमें से अधिकांश की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा फरार चल रहा था।
एसएसपी STF अजय सिंह ने बताया कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बच रहा था। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पिछले एक माह से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। तड़के मिली सटीक सूचना पर STF और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का निवासी है और उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी व गैंगस्टर एक्ट सहित करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। STF ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट, कांस्टेबल गुरवंत सिंह, कांस्टेबल मोहित वर्मा, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कनवाल, हेड कांस्टेबल दुर्गा सिंह पापड़ा तथा कोतवाली रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल रघुनाथ सिंह शामिल रहे।



