पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं थोक केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार के अध्यक्ष विकास तिवारी को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल आने के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल करने वालों की पहचान के लिए मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है।
नई लुधियाना धर्मशाला, जसराम रोड निवासी विकास तिवारी ने शहर कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को दोपहर और शाम के समय उनके मोबाइल फोन पर दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आई। आरोप है कि दोनों कॉल करने वालों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। धमकी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस धमकी देने वाले नंबरों की तकनीकी पड़ताल कर रही है। कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसा बताया गया है कि उन्हें गनर भी दिया गया है।
गौरतलब है कि सोमवार को थोक केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार के चुनाव के दौरान विकास तिवारी और भगवानपुर निवासी सुशील चौधरी के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे।
इसी घटनाक्रम के दो दिन बाद विकास तिवारी को जान से मारने की धमकी मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि धमकी का चुनावी विवाद से कोई संबंध है या नहीं।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कॉल करने वालों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



