
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत बहादराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीली दवाइयों की तस्करी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट के अलावा एक बलेनो कार भी बरामद की है। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार-2026” अभियान के तहत जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बहादराबाद पुलिस को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत यह महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 29 जून को गश्त और चेकिंग के दौरान पीपल चौक से आगे नहर पटरी रोड पर एक बलेनो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से PROXIOHM-SPAS के 480 नशीले कैप्सूल तथा Alprazolam 0.5 MG की 1200 टैबलेट बरामद हुईं। मौके से इस्लाम और सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उनका सिडकुल क्षेत्र में मेडिकल स्टोर है। वहां मजदूरों के बीच नशीले इंजेक्शन और दवाइयों की मांग अधिक होने के कारण लालच में आकर उन्होंने नशीली दवाइयों की बिक्री शुरू कर दी थी।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशीली दवाइयों की सप्लाई उन्हें कहां से हो रही थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस्लाम पुत्र शादी एवं सद्दाम पुत्र रियाज, दोनों निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी और कांस्टेबल बलवन्त सिंह शामिल रहे।



