
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नशे के कारोबारियों के खिलाफ चल रहे अभियान में हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को दबोचते हुए उनके कब्जे से कुल 16.21 ग्राम अवैध स्मैक और एक बिना नंबर की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार-2026” के तहत जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हरिद्वार पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में एक और सफलता हाथ लगी है।
कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान पुराना पावर हाउस बहादराबाद क्षेत्र से बिना नंबर की यामाहा मोटरसाइकिल पर जा रहे दो आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से 8.58 ग्राम और दूसरे के कब्जे से 7.63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सावेज पुत्र इरफान और नदीम पुत्र सलीम, दोनों निवासी मस्जिद वाली गली, कस्बा बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम में शामिल रहे: उपनिरीक्षक विकास रावत, प्रभारी चौकी कस्बा बहादराबाद; हेड कांस्टेबल नरविंदर सिंह; कांस्टेबल बलवंत सिंह और कांस्टेबल पंकज बिष्ट।


