“पुलिस लाइन देहरादून में जन्माष्टमी का भव्य उत्सव, लोक संस्कृति के रंग में रंगी सांस्कृतिक संध्या, झूमे दर्शक..
राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ, नरेंद्र सिंह नेगी समेत नामचीन कलाकारों ने बांधा समां..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन देहरादून सांस्कृतिक रंगों और भक्ति की छटा से सराबोर नजर आई।
उत्तराखंड की लोक संस्कृति की थीम पर आयोजित भव्य जन्माष्टमी महोत्सव में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक ‘गढ़ रत्न’ नरेंद्र सिंह नेगी समेत कई नामचीन कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह व विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए।
राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड ने राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत और आभार व्यक्त किया।
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक और ‘गढ़ रत्न’ नरेंद्र सिंह नेगी, प्रसिद्ध गायक हेमंत बृजवासी, लोकगायक दर्शन फर्सवाण, रेशमा शाह और करिश्मा शाह ने
अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए।
उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित गीत-संगीत और रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया। पुलिस परिवार के साथ-साथ कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। दोनों अतिथियों ने पुलिस परिवार को इस भव्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन न केवल हमारी समृद्ध लोक परंपराओं को जीवंत रखते हैं, बल्कि समाज और परिवारों को आपस में जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने भी सभी दूनवासियों को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित यह जन्माष्टमी महोत्सव देर तक भक्ति, संगीत और उत्तराखंड की लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच उत्साहपूर्वक मनाया गया।



