
पंच👊नामा
रुड़की; झबरेड़ी कलां गांव में बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाई के सिर पर ऐसा खून सवार हुआ कि उसने पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित घर पहुंचा और अपनी बहन को भी गोली मार दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। शनिवार सुबह एक के बाद एक हुई दो फायरिंग की घटनाओं से गांव में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार झबरेड़ी कलां निवासी अमन अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग को लेकर नाराज था। इसी बात को लेकर करीब एक वर्ष पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन प्रेम प्रसंग को लेकर नाराजगी बनी हुई थी।
शनिवार सुबह मुन्ना अपने घेर में लेटा हुआ था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर वहां पहुंचा और मुन्ना को गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी। गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर झबरेड़ा विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए घटना की जानकारी ली। इसके बाद एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने भी गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपित की तलाश के साथ ही पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।



