
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; रायवाला क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने से नाराज बेटी ने अपनी ही मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची और प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिलाया। हत्या के बाद प्रेमी को मृतका के घर पर ताला लगाकर फरार कराया गया और उसे शांति कुंज हरिद्वार में छिपा दिया गया था।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने मामले की गहनता से जांच करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई। जांच के दौरान मृतका खजानी देवी का अपनी बेटी शिल्पा थापा के साथ पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद सामने आया। इसी दौरान शिल्पा के प्रेमी शिवनारायण पाण्डे उर्फ सोनू की संदिग्ध भूमिका भी पुलिस के सामने आई।
700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, 500 होटल-धर्मशालाओं में तलाश के बाद प्रेमी तक पहुंची पुलिस….
एसपी जया बलोनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटनास्थल से एफएसएल एवं फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने रायवाला, ऋषिकेश, हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में करीब 500 होटल-धर्मशालाओं की पड़ताल के साथ लगभग 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। जांच के दौरान पता चला कि घटना के बाद से शिवनारायण का फोन बंद था और वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
थानाध्यक्ष रायवाला मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, टीम को सूचना मिली कि शिवनारायण पाण्डे हरिद्वार स्थित शांति कुंज में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने शांति कुंज आश्रम हरिद्वार से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने शिल्पा के कहने पर खजानी देवी की हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने शिल्पा थापा को भी शहीद भगत सिंह कॉलोनी लाइनपार मोतीचूर से गिरफ्तार कर लिया।
पहले प्रेमी को बताया मां सौतेली है, फिर जमीन के लालच में हत्या के लिए किया तैयार…..
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिवनारायण पाण्डे की मुलाकात मार्च 2026 में हरिद्वार के भूपतवाला स्थित एक होटल में शिल्पा से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। शिल्पा ने शिवनारायण को बताया कि उसकी मां के नाम रानीपोखरी क्षेत्र के ग्राम काटल गडूल में कई बीघा पुश्तैनी जमीन है, जिसे उसकी मां और भाई बेच रहे हैं, लेकिन उसे उसका हिस्सा नहीं दिया जा रहा। पुलिस के अनुसार शिल्पा ने शिवनारायण को गुमराह करने के लिए खजानी देवी को अपनी सौतेली मां तक बता दिया। बाद में उसने शिवनारायण को भरोसा दिलाया कि मां को रास्ते से हटा देने के बाद जमीन में उसका हिस्सा आएगा और जमीन बेचकर दोनों कहीं और अपनी गृहस्थी बसा सकते हैं।
कर्ज में डूबा था आरोपी, करीब 10 लाख की देनदारी भी थी बाकी…..
पुलिस के मुताबिक शिवनारायण की पूर्व में रुड़की के ढंढेरा फाटक क्षेत्र में बैटरी रिक्शा की एजेंसी थी। लॉकडाउन के दौरान कारोबार में नुकसान होने के बाद वह भारी कर्ज में डूब गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपना मकान तक बेच दिया था, बावजूद इसके उस पर करीब 10 लाख रुपये की देनदारी बाकी थी। बताया गया कि उसने शिल्पा के भाई से भी रुपये उधार लिए थे। इसी बीच खजानी देवी को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वह इस संबंध से नाराज थी। उधार के रुपये और प्रेम संबंध को लेकर दोनों का खजानी देवी से पहले भी विवाद हुआ था। घटना से दो दिन पहले 19 सितंबर को भी शिवनारायण और शिल्पा खजानी देवी से मिलने पहुंचे थे, जहां दोनों का विवाद हुआ था।
मां के घर से निकलने का समय जानती थी बेटी, उसी हिसाब से रची गई साजिश…..
पुलिस के अनुसार शिल्पा ने शिवनारायण को बताया था कि खजानी देवी अपनी पोती को छोड़कर सुबह करीब आठ बजे तक घर लौटती हैं और दोपहर करीब 12:30 बजे तक घर में अकेली रहती हैं। इसी समय का फायदा उठाकर हत्या की योजना बनाई गई। योजना के मुताबिक 21 सितंबर को शिवनारायण हत्या की नीयत से खजानी देवी के घर पहुंचा। मौका देखकर उसने कथित तौर पर खजानी देवी का गला दबाकर हत्या कर दी और बाहर से मकान पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। बाद में उसने शिल्पा को घटना की जानकारी दी। शिल्पा के कहने पर वह हरिद्वार के शांति कुंज में जाकर छिप गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घर के बाथरूम में मिली थी बुजुर्ग महिला की लाश, बेटे की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा…..
22 सितंबर को मृतका के पुत्र संजय पुण्डीर ने रायवाला थाने में तहरीर दी थी कि उनकी 65 वर्षीय मां खजानी देवी शहीद भगत सिंह कॉलोनी लाइनपार मोतीचूर रायवाला स्थित किराये के मकान में अपनी छह वर्षीय पोती के साथ रहती थीं। 21 सितंबर को वह लापता थीं और मकान के गेट पर बाहर से ताला लगा था। रात करीब 10:30 बजे गेट का ताला तोड़कर अंदर जाने पर खजानी देवी बाथरूम में मृत अवस्था में मिलीं। तहरीर के आधार पर थाना रायवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शिवनारायण पाण्डे उर्फ सोनू के अपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
दो आरोपी गिरफ्तार…
1:- शिवनारायण पाण्डे उर्फ सोनू, पुत्र नरसिंह नारायण पाण्डे, निवासी सम्राट कॉलोनी ग्राम करोंदी, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 39 वर्ष।
2:- शिल्पा थापा, पत्नी पंकज थापा, निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी नई बस्ती लाइनपार मोतीचूर, थाना रायवाला, जनपद देहरादून, उम्र 36 वर्ष।
पुलिस टीम ने दिन-रात एक कर सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी….
इस पूरे खुलासे में थानाध्यक्ष रायवाला उपनिरीक्षक मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में एसएसआई विनोद कुमार, उउपनिरीक्षक योगेश खुमरियाल, उपनिरीक्षक रघुबीर कप्रवाण (चौकी प्रभारी हरिपुरकलां), हेडकांस्टेबल प्रवीण सिन्धु, कांस्टेबल नन्दकिशोर, कांस्टेबल अनित कुमार, कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल अनिरुद्ध, कांस्टेबल मुकेश चौहान, कांस्टेबल धर्मालाल और कांस्टेबल मोनू मलिक समेत SOG ऋषिकेश टीम से कांस्टेबल नवनीत नेगी, कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल सोनी कुमार और महिला कांस्टेबल जमुना नेगी शामिल रहें



