अपराधहरिद्वार

“पेट्रोल पंप कर्मी से तमंचे के बल पर लूट, CCTV ने खोली लुटेरों की पहचान; पुलिस ने 48 घंटे में दोनों को दबोचा..

SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर भगवानपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, नकदी-तमंचा और बाइक बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
भगवानपुर; पहले सिर्फ ₹40 का पेट्रोल भरवाया, फिर ₹200 का नोट थमाकर ₹160 वापस लिए और मौका मिलते ही पेट्रोल पंप कर्मी के हाथ में मौजूद ₹9,500 रुपये पर झपट्टा मार दिया। पीछा करने की कोशिश हुई तो तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और बाइक पर सवार होकर दोनों लुटेरे फरार हो गए। पेट्रोल पंप पर हुई इस सनसनीखेज लूट के बाद हरकत में आई भगवानपुर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोचकर वारदात का खुलासा कर दिया।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीम ने लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।एसपी देहात अभय सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। इसी क्रम में 26 सितंबर की देर रात सिकन्दरपुर-सिरचन्दी मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ में दोनों ने सिकन्दरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से बचे ₹3,000 रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक देशी तमंचा 315 बोर बरामद किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उनकी योजना कामयाब नहीं हो सकी।₹40 के पेट्रोल से शुरू हुई थी लूट की कहानी……
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर की रात सिकन्दरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर दो युवक पहुंचे और ₹40 का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मी को ₹200 का नोट दिया। कर्मी ने जब ₹160 वापस किए, तभी दोनों आरोपियों ने उसके हाथ में रखे ₹9,500 रुपये लूट लिए। कर्मी ने जब उनका पीछा करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।दोनों आरोपी सहारनपुर जिले के रहने वाले….
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष पुत्र अशोक उर्फ नारायण, निवासी बहेड़ी गुर्जर, थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर, उम्र 19 वर्ष व अमित उर्फ प्रिन्स पुत्र नाथीराम, निवासी साधारणसिर, थाना नागल, सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष के रूप में की है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक मुकेश नोटियाल, हेडकांस्टेबल गीतम सिंह, हेडकांस्टेबल सिकन्दर तोमर, कांस्टेबल रविन्द्र राणा, कांस्टेबल रमेश चौहान व कांस्टेबल उवैदुल्ला शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!