“सरकारी जमीन पर कब्जों को लेकर सुराज सेवा दल का हल्लाबोल, रुड़की में प्रदर्शन कर जेएम को सौंपा ज्ञापन..
रमेश जोशी बोले–राजस्व अभिलेख खंगालकर हो निष्पक्ष सीमांकन, प्रमाणित अतिक्रमण तत्काल हटाए जाए..

पंच👊नामा
रुड़की; सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जों और अतिक्रमण को लेकर सुराज सेवा दल ने मंगलवार को रुड़की में मोर्चा खोल दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने समेत कई मांगों को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।
इस दौरान सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि सरकारी जमीन किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि जनता की संपत्ति है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच और भूमि का सीमांकन कराया जाना चाहिए।
जहां अतिक्रमण प्रमाणित हो, वहां बिना किसी भेदभाव के तत्काल कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान करना या किसी व्यक्ति विशेष को बदनाम करना नहीं, बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और पारदर्शी प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
ज्ञापन में सुराज सेवा दल ने हरिद्वार जनपद में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जों की व्यापक जांच कराने की मांग की। संगठन ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि की पैमाइश व सीमांकन कराने और प्रमाणित अतिक्रमणों को तत्काल हटाने की मांग रखी।
इसके अलावा फर्जी दस्तावेज, कूटरचना और सरकारी अभिलेखों के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने सरकारी भूमि की जियो-टैगिंग, सूचना-पट्ट लगाने और नियमित निगरानी की व्यवस्था किए जाने पर भी जोर दिया।
सुराज सेवा दल ने प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि आम जनता को भी कार्रवाई की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सुराज सेवादल के वरिष्ठ नेता इंतेज़ार प्रधान, रईस अहमद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। 



