अपराधदेहरादून

“पटेलनगर पुलिस का डबल एक्शन, बैंककर्मी पर फायरिंग का फरार आरोपी दबोचा; सब्जी मंडी से सट्टेबाज भी गिरफ्तार..

SSP प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कार्रवाई, अंकुर के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और बाइक बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए दून पुलिस ने एक ही दिन में दो अहम कार्रवाई को अंजाम दिया। एक ओर पुलिस ने बैंककर्मी पर सुपारी लेकर किए गए जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, वहीं दूसरी ओर सब्जी मंडी क्षेत्र में अवैध रूप से सट्टा खिलाने वाले एक व्यक्ति को भी धर दबोचा। फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस अपराधियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए एक गंभीर फायरिंग प्रकरण के फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही सट्टा कारोबार में लिप्त आरोपी को भी कानून के शिकंजे में लिया।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस की टीमों ने दोनों मामलों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस की कार्रवाई में जहां फायरिंग के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी हुई, वहीं सट्टे के मामले में नगदी और सट्टा सामग्री भी पुलिस के हाथ लगी।

केस-1 : पांच लाख की सुपारी लेकर बैंककर्मी पर फायरिंग, फरार आरोपी गिरफ्तार…….
पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने करीब तीन सप्ताह से फरार चल रहे आरोपी अंकुर पुत्र मदन मोहन, निवासी आदर्श कॉलोनी, चर्च के पास वार्ड नंबर-6, लक्सर, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी को हरभजवाला के पास निर्माणाधीन हाईवे से पकड़ा गया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।दरअसल, 8 सितंबर को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से वी-मार्ट मंडी चौक से बड़ोवाला स्थित घर जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक रोककर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने 11 सितंबर को हुई मुठभेड़ के बाद आरोपी अंकित चौहान को गिरफ्तार किया था, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। पूछताछ में सामने आया कि बैंककर्मी युवक की पूर्व प्रेमिका माल्या रहमान ने दोनों आरोपियों को पांच लाख रुपये में उसे रास्ते से हटाने की सुपारी दी थी। पुलिस ने पूर्व में माल्या रहमान को भी गिरफ्तार कर लिया था।लगातार दबिश के बावजूद फरार चल रहा अंकुर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसने बताया कि अंकित के जरिए उसकी मुलाकात माल्या रहमान से हुई थी। उसे युवक की हत्या के बदले मोटी रकम का लालच दिया गया था। माल्या ने कथित तौर पर युवक का नाम, पता, फोटो और अन्य जानकारी उपलब्ध कराई थी। वारदात के दौरान अंकुर बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठे अंकित ने युवक पर फायर किया था। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस टीम में जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, कांस्टेबल नितिन, कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल पंकज समेत एसओजी टीम से उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, कांस्टेबल मनोज सुन्दरियाल और कांस्टेबल आशीष राठी शामिल रहे।

केस-2 : सब्जी मंडी में ठेली की आड़ में चल रहा था सट्टे का खेल, एक गिरफ्तार……
दूसरी कार्रवाई में पटेलनगर पुलिस ने सब्जी मंडी क्षेत्र में अवैध रूप से सट्टा खिलाने वाले दानिश पुत्र लियाकत अली, निवासी निरंजनपुर सब्जी मंडी, थाना पटेलनगर, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति लोगों को सट्टा खिला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सट्टा पर्ची और 3,220 रुपये की नगदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मंडी के पास सब्जी की ठेली लगाता है और जल्द पैसा कमाने के लालच में लोगों को सट्टा खिलाने लगा था। वह लोगों से सट्टा लगवाता और जीतने वाले की रकम में से अपना कमीशन काटकर शेष रकम देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल हरमिंदर और कांस्टेबल चमन शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!