“पटेलनगर में दून पुलिस का ‘पंच प्रहार’, हुड़दंग, छीनाझपटी, शराब तस्करी और सट्टेबाजी पर पुलिस का शिकंजा..
बाजार में बवाल करने वाले सात लोग गिरफ्तार, युवक से मारपीट और छीनाझपटी के मामले में दो आरोपी पकड़े; अवैध शराब और सट्टे के खिलाफ कार्रवाई के साथ सत्यापन में 4.50 लाख रुपये का जुर्माना..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और अवैध गतिविधियों में जुटे लोगों के खिलाफ दून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। कहीं बाजार में आपस में भिड़कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया, तो कहीं युवक से मारपीट कर चांदी की चेन और नकदी छीनने के मामले में दो आरोपियों को दबोच लिया। उधर, बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले 45 भवन स्वामियों पर साढ़े चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा मोटरसाइकिल से अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी और सट्टा खिलाने वाले व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई……
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को स्पष्ट निर्देश हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट, अवैध शराब की तस्करी, सट्टेबाजी और सत्यापन संबंधी नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएं।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर पुलिस का एक्शन…..
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज की गई। पुलिस टीमों ने बाजार क्षेत्र में विवाद कर रहे लोगों को काबू करने से लेकर मारपीट के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, अवैध शराब की बरामदगी व सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई तक अलग-अलग मोर्चों पर काम किया। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने जहां शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ वैधानिक कदम उठाए, वहीं सत्यापन नियमों का पालन नहीं करने वाले भवन स्वामियों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
केस-1: बाजार में भिड़े दो पक्ष, समझाने पर भी नहीं माने तो सात को किया गिरफ्तार……
पटेलनगर क्षेत्र के बाजार में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद उस समय पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया, जब दोनों ओर से लोग सार्वजनिक स्थान पर लड़ाई-झगड़ा करते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस को बाजार क्षेत्र में विवाद और हुड़दंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और झगड़ रहे लोगों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
आरोप है कि पुलिस के समझाने के बावजूद संबंधित लोग शांत होने के बजाय और अधिक उग्र हो गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट पर आमादा हो गए। मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और सात व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में अनूप पुत्र बृजकिशोर, निवासी इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पीछे पटेलनगर, उम्र 25 वर्ष; अमन पुत्र प्रेमकुमार, निवासी संजय कॉलोनी पटेलनगर, उम्र 22 वर्ष; रितिक पुत्र रामकुमार, निवासी शिवालिक स्कूल के पास पटेलनगर, उम्र 19 वर्ष; राजीव पुत्र रविन्द्र, निवासी ग्राम बहजोई कठेर, सम्भल (उत्तर प्रदेश), उम्र 19 वर्ष; चन्द्रप्रकाश पुत्र राजेश कुमार, निवासी मऊ कठेर, थाना बहजोई, सम्भल, उम्र 18 वर्ष; अनुराग सैनी पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी आशीर्वाद एनक्लेव, देहराखास, उम्र 21 वर्ष; और देवांश चौहान पुत्र राकेश चौहान, निवासी सहिदवाला ग्रांट, बिहारीगढ़, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी आशीर्वाद एनक्लेव, देहराखास, पटेलनगर, उम्र 20 वर्ष शामिल हैं।
केस-2: युवक से मारपीट, चांदी की चेन और आठ हजार रुपये छीनने का आरोप; दो गिरफ्तार…..
पटेलनगर क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट करने और उसकी चांदी की चेन व नकदी छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता अंकज पुत्र लाल सिंह, निवासी देवऋषि एनक्लेव, देहराखास, पटेलनगर ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि 7 अक्टूबर को प्रज्ज्वल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित, तुषार और 15 से 20 अन्य युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई तथा उसकी चांदी की चेन और आठ हजार रुपये छीन लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेलनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने घटना में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की और पटेलनगर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य गर्ग पुत्र संजय गर्ग, निवासी शिव मंदिर के निकट, ब्रह्मपुरी निरंजनपुर, देहरादून, उम्र 21 वर्ष, और प्रज्ज्वल दीक्षित पुत्र बॉबी दीक्षित, निवासी अनुपम विहार, न्यू पटेलनगर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शिकायत में 15 से 20 अन्य युवकों की संलिप्तता का भी उल्लेख किया गया है। ऐसे में पुलिस की जांच का दायरा गिरफ्तार आरोपियों से आगे बढ़ा हुआ है। मामले में मारपीट, धमकी और सामान छीने जाने के आरोपों की विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केस-3: सत्यापन अभियान में 45 मकान मालिकों पर गिरी गाज, 4.50 लाख रुपये का जुर्माना…..
पटेलनगर क्षेत्र में किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। शुक्रवार को ब्रह्मपुरी, लोहियानगर, आईएसबीटी और ट्रांसपोर्ट नगर समेत विभिन्न इलाकों में अलग-अलग पुलिस टीमों ने हॉस्टल, पीजी, होम स्टे और अन्य स्थानों पर रहने वाले लोगों की जांच की। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान करीब 300 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, मामलों में प्रकाश में आए अथवा जमानत पर चल रहे 15 अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 45 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की। इन भवन स्वामियों पर कुल 4 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई से उन मकान मालिकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है, जो किरायेदार रखने के बाद निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया की अनदेखी करते हैं।
केस-4: बाइक पर शराब की खेप लेकर घूम रहा था तस्कर, 225 टेट्रा पैक बरामद….
अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटेलनगर पुलिस ने एक आरोपी को मोटरसाइकिल पर शराब की खेप ले जाते हुए गिरफ्तार किया। बाजार पटेलनगर क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर एक ऐसे व्यक्ति पर पड़ी, जो मोटरसाइकिल से अवैध देशी शराब का परिवहन कर रहा था। जांच के दौरान उसके कब्जे से करीब पांच पेटी के बराबर 225 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रंजन कुमार पुत्र शंकर लाल, निवासी रैयापुरा, थाना कुंडा, जनपद प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया। इस संबंध में कोतवाली पटेलनगर में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में कांस्टेबल दीपेंद्र नौटियाल और कांस्टेबल संजीव कुमार पुलिस टीम में शामिल रहे।
केस-5: जल्दी पैसा कमाने के लालच में सट्टे का खेल, 3,100 रुपये और सट्टा पर्ची के साथ आरोपी गिरफ्तार…..
पटेलनगर क्षेत्र में सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्रीराम मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा लगवा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और एक व्यक्ति को सट्टा सामग्री तथा नकदी के साथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मतवार सिंह नेगी पुत्र जीत सिंह, निवासी चंद्रमणि, थाना पटेलनगर, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्चियां, सट्टा लगाने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और 3,100 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल सूरज राणा शामिल रहे।



