अपराधउत्तराखंड

“मां के भरोसे पर बेटे ने ही डाला डाका, 20 लाख के जेवर समेट राजस्थान भागा; पुलिस ने जयपुर से दबोचा..

गलत संगत और बढ़ते खर्चों ने बनाया लालची, सीसीटीवी से खुला राज; 10.50 तोला सोना और 891 ग्राम चांदी बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
कोटद्वार; जिस बेटे पर मां को सबसे ज्यादा भरोसा था, उसी ने घर की चौखट के भीतर ऐसा खेल खेला कि मां के होश उड़ गए। गलत संगत और बढ़ते खर्चों के बीच बेटे की नीयत ऐसी बदली कि उसने अपनी ही मां के लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। करीब 20 लाख रुपये के जेवर समेटकर राजस्थान फरार हुए बेटे को पुलिस ने आखिरकार जयपुर से दबोच लिया। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस ने चोरी की इस पूरी कहानी से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी भी बरामद कर ली।मामला कोतवाली कोटद्वार क्षेत्र के बालासौड़ का है। बीती 5 अक्टूबर को अनीता निवासी बालासौड़ ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।जांच आगे बढ़ी तो पुलिस के हाथ ऐसा सुराग लगा जिसने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि वादिनी के पुत्र दीपांशु राजपूत ने ही की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर रखते हुए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी।तकनीकी जांच में आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने तत्काल राजस्थान पहुंचकर उसकी तलाश शुरू की और झालूपुरा, जयपुर से आरोपी दीपांशु राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए। बरामदगी में 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी खर्च करने की आदतें बढ़ गई थीं और निजी जरूरतों व शौक पूरे करने के लिए उसने अपनी ही मां के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के बाद वह चोरी के जेवर लेकर घर से फरार हो गया और राजस्थान पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी दीपांशु राजपूत, निवासी बालासौड़, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!