अपराधहरिद्वार

“पत्रकार के घर से चार लाख की चोरी का पर्दाफाश, जम्मू-कश्मीर का युवक गिरफ्तार..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई, CCTV और डिजिटल सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस, 1.20 लाख रुपये बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; शहर के पॉश इलाके श्रवणनाथ नगर में सीनियर पत्रकार के घर का ताला तोड़कर चार लाख रुपये उड़ाने वाले आरोपी तक आखिरकार पुलिस पहुंच गई। वारदात के बाद से चोर की तलाश में जुटी कोतवाली नगर पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जम्मू-कश्मीर के सांभा जिले के रहने वाले 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 94 हजार की नकदी और 26000 रुपए के कपड़े बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात कबूल की है।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने चोरी की घटना का खुलासा करने, आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर दीपक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में मामले की जांच तेज की गई। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने और आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया।प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने हरिद्वार शहर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल सर्विलांस की मदद से संदिग्ध की तलाश की। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने दविंदर पुत्र किशोर, निवासी वार्ड नंबर-7, जिला सांभा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, श्रवणनाथ नगर स्थित हिमालय डिपो वाली गली निवासी सीनियर पत्रकार गोपाल रावत ने 7 अक्टूबर 2026 को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर चार लाख रुपये चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह हेरोइन और स्मैक के नशे का आदी है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के मुताबिक, चोरी की रकम का आधे से अधिक हिस्सा नशा खरीदने, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश घूमने व अन्य खर्चों में उड़ा दिया। पुलिस ने आरोपी से 94 हजार की नकदी और 26 हजार के कपड़े बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर सम्बंधित धाराओ की बढ़ोतरी की गई है। चार लाख रुपये की चोरी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बरामदगी और विवेचना से जुड़े शेष पहलुओं पर कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!