“दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों ने साझा की खुशियां, बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन..
मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की हरिद्वार इकाई ने किया आयोजन, पत्रकार गौरव कुमार ने अंशिका डांसिंग ग्रुप के बच्चों को भेंट किए 1100 रुपये..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की हरिद्वार इकाई उत्तराखंड की ओर से पुराने रानीपुर मोड़ स्थित होटल स्कॉगा में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि रूपेंद्र प्रकाश महाराज, ठाकुर पवन चौहान और एडवोकेट रेनू उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और जीवन में सकारात्मकता लाने का संदेश देती है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए।
ठाकुर पवन चौहान ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का काम करते हैं। पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं और सामाजिक एकता के लिए ऐसे आयोजन सराहनीय हैं।
एडवोकेट रेनू उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी जरूरी है। इस तरह के कार्यक्रम आपसी संवाद और संगठनात्मक एकजुटता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। अंशिका डांसिंग ग्रुप के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पत्रकार गौरव कुमार ने अपनी ओर से अंशिका डांसिंग ग्रुप के बच्चों को 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की।
मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया हरिद्वार इकाई के अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों की एकजुटता को मजबूत करना, उनके हितों की रक्षा करना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि दीपावली मिलन जैसे आयोजन पत्रकारों को आपस में मिलने, विचार साझा करने और आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने का अवसर देते हैं। संगठन भविष्य में भी पत्रकार हितों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन की मजबूती और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सहयोग की अपील की।
समारोह का संचालन विश्वास आनंद ने किया। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गगन शर्मा, जिला महामंत्री हितेश चौहान, कानूनी सलाहकार रेनू उपाध्याय, डॉ. अर्जुन नागयान, विवेक शर्मा, विनीत शर्मा, सनत शर्मा, राकेश वर्मा, अश्वनी वर्मा और नवीन जुनेजा सहित अन्य पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।



