“छोटी दीपावली पर बाजारों में उमड़ी भीड़, जमकर बिके गिफ्ट आइटम और सजावटी सामान..
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बाजारों में घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; छोटी दीपावली पर शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक बनी रही। दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की। खासतौर पर गिफ्ट आइटम, सजावटी सामान, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, रंग-बिरंगी लाइटें और घरों को सजाने के अन्य सामान की खूब बिक्री हुई।
ज्वालापुर और कनखल के बाजारों में खरीदारी का सबसे ज्यादा जोर देखने को मिला। यहां दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। गिफ्ट आइटम की दुकानों पर लोगों ने अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों को उपहार देने के लिए आकर्षक सामान खरीदा। वहीं, घरों की सजावट के लिए झालर, बंदनवार, दीये और अन्य सजावटी सामान की भी खूब मांग रही।
हरिद्वार डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र भटेजा ने बताया कि छोटी दीपावली पर बाजार में खरीदारी का अच्छा रुझान देखने को मिला है। गिफ्ट आइटम और सजावटी सामान की मांग अच्छी रही। बाजार में ग्राहकों की आवाजाही से कारोबारियों में उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली के दिन भी बाजार में खरीदारी का अच्छा माहौल बना रहेगा।
बाजारों में उमड़ी भीड़ के चलते कई स्थानों पर यातायात का दबाव भी बना रहा। देर शाम तक बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और शहर के प्रमुख बाजार दीपावली की रौनक से गुलजार नजर आए। वही एसपी सिटी दीपक सिंह ने बाजारों में घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस तमाम जगहों पर मुस्तैद रही।



