“एक चिंगारी ने 26 साल की मेहनत को किया राख, चार घंटे तक धधकता रहा राज टैंट हाऊस..
शेरपुर में आधी रात को टैंट हाऊस में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक; अग्निशमन विभाग की छोटी गाड़ी से नहीं बनी बात, मंगलौर और बहादराबाद से बुलानी पड़ी दमकल की गाड़ियां..

पंच👊नामा
रुड़की; नगर निगम के वार्ड नंबर एक स्थित शेरपुर में हाईवे किनारे संचालित राज टैंट हाऊस में बीती रात लगी भीषण आग ने कारोबारी विश्वराज सैनी की 26 वर्षों की मेहनत और संघर्ष से खड़े किए गए कारोबार को पलभर में तबाह कर दिया। आग इतनी विकराल थी कि करीब चार घंटे तक अग्निशमन विभाग की गाड़ियां और स्थानीय लोग आग पर काबू पाने के लिए जूझते रहे, लेकिन तब तक टैंट हाऊस में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग ने बराबर में स्थित रिहायशी भवन को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आवासीय भवन में लगी आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12 बजे शेरपुर हाईवे स्थित राज टैंट हाऊस से धुआं उठता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही पास के भवन में रह रहे विश्वराज सैनी के परिजनों और परिचितों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आसपास के पड़ोसी और पेट्रोल पंप के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने अपने स्तर से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
बताया गया कि घटनास्थल पर शुरुआत में छोटी दमकल गाड़ी पहुंची, लेकिन पानी की सीमित क्षमता के चलते वह भीषण आग के सामने कारगर साबित नहीं हो सकी। इसके बाद मंगलौर और बहादराबाद से बड़ी दमकल गाड़ियां मंगाई गईं। आरोप है कि दमकल की बड़ी गाड़ियों को पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक आग टैंट हाऊस में रखे सामान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी। इस दौरान आग बराबर में स्थित रिहायशी भवन तक भी पहुंच गई। बाद में अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आवासीय भवन में लगी आग पर काबू पाया।
घटना के बाद अग्निशमन विभाग की शुरुआती व्यवस्था और घटनास्थल पर बड़ी गाड़ी पहुंचने में हुई देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही बड़ी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकता था। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राज टैंट हाऊस के मालिक विश्वराज सैनी लोकतांत्रिक जनमोर्चा के संस्थापक सदस्य हैं। वह स्वर्गीय चौधरी छतर सिंह सैनी के नाती हैं और लंबे समय से कांवड़ सेवा में भी प्रमुख भूमिका निभाते आ रहे हैं। यही वजह है कि घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही बड़ी संख्या में परिचित, मित्र और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचने लगे। सोमवार को भी टैंट हाऊस पर सर्वसमाज के लोगों का पहुंचना जारी रहा। हर कोई इस मुश्किल घड़ी में विश्वराज सैनी को ढांढस बंधाता और उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाता नजर आया।
इस कठिन समय में उनके पड़ोसी और परम मित्र संजय सैनी भी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। 26 वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए कारोबार को अपनी आंखों के सामने राख होते देख विश्वराज सैनी और उनका परिवार गहरे सदमे में है। फिलहाल परिवार को अपनों और समाज के लोगों से मिल रहे सहयोग और संबल से इस मुश्किल घड़ी से उबरने की उम्मीद है।



