
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में दिनदहाड़े अवैध हथियारों के तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मेरठ से हथियारों की तस्करी करने वाले दो बदमाशों के हरिद्वार पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर जाल बिछाया।
पुलिस को सामने देखकर दोनों बदमाश गन्ने के खेतों की ओर भाग निकले। पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मेरठ से अवैध असलहों की तस्करी करने वाले दो बदमाशों के बहादराबाद क्षेत्र में आने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने उनकी धरपकड़ के लिए घेराबंदी की। पुलिस की कार्रवाई से घबराए दोनों बदमाश गन्ने के खेतों में घुस गए।
पुलिस टीम ने उन्हें घेरने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से दबोच लिया, जबकि उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकुल और भूपेंद्र निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद की हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दिनदहाड़े हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस अब मेरठ से हरिद्वार तक फैले अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी हथियार कहां से लाते थे और हरिद्वार में किन लोगों तक उनकी आपूर्ति की जानी थी।
बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने मुठभेड़ और दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि दो तस्करों के अवैध हथियारों के साथ हरिद्वार आने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने बहादराबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों गन्ने के खेतों में भाग गए और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो पिस्टल बरामद की हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।



