अपराधहरिद्वार

“सिडकुल पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर, चोरी की 9 बाइक और पार्ट्स बरामद..

SSP नवनीत सिंह भुल्लर की सख्ती का असर, एसपी क्राइम निशा यादव ने खोला चोरी के नेटवर्क का राज..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सिडकुल क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों से पुलिस के लिए सिरदर्द बने शातिर चोर के मंसूबों पर आखिरकार पुलिस ने पानी फेर दिया। किरवी चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा बाइक सवार संदिग्ध बाइक फिसलने से सड़क पर जा गिरा। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। बाइक के इंजन और चेसिस नंबर की जांच हुई तो वह चोरी की निकली। इसके बाद हुई पूछताछ में ऐसा खुलासा हुआ कि पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से चोरी की गई बाइकों को बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों में छिपाकर रखा था। पुलिस ने मौके से कुल नौ मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पूरे जनपद में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सिडकुल पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस के मुताबिक किरवी चौक पर चेकिंग के दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसने अचानक बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बाइक का टायर फिसल गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए उसे पकड़ लिया।एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि संदिग्ध से बरामद मोटरसाइकिल के इंजन नंबर, चेसिस नंबर और वाहन संख्या की जांच कराई गई तो वह थाना सिडकुल में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री के भीतर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई आठ और मोटरसाइकिल व एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए गए। इस तरह पुलिस के हाथ कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिल लगीं।थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बंद पड़ी फैक्ट्री को खंगाला और वहां छिपाकर रखे गए वाहनों को बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी और उसका फरार साथी सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र को अपना टार्गेट एरिया बनाकर दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान और बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा दिया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचाया जा सके।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ हरिद्वार और देहरादून जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हथियार अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी कोतवाली लक्सर में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में भी निरुद्ध रह चुका है। इसके अलावा थाना डोईवाला, देहरादून में दो मुकदमे व थाना देवबंद, सहारनपुर में गैंगस्टर एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।बरामदगी के आधार पर आरोपी को थाना सिडकुल लाया गया, जहां संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी में है। वहीं, वाहन चोरी की वारदातों में शामिल उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल सोहन राणा, कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी, कांस्टेबल रिपेंद्र कैंतुरा और होमगार्ड आफताब मलिक शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!