
पंच👊नामा-ब्यूरो
बहादराबाद; शनि देव मंदिर के पास स्थित एक भूखंड पर कब्जे को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद सोमवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर कब्जे की नीयत से भूखंड में घुसने का प्रयास किया। दोबारा कब्जे की कोशिश से क्षेत्र में हलचल मच गई। मामले को लेकर भूखंड पर अमल-दखल रखने वाले पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि कुछ दिन पहले भी इसी जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया था। आरोप है कि उस दौरान बड़ी संख्या में नकाबपोश मजदूरों को मौके पर लाकर भूखंड पर कब्जे का प्रयास किया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कथित तौर पर कब्जे का प्रयास कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया था। इसके बाद भी सोमवार रात दोबारा कुछ लोगों के भूखंड में पहुंचने की बात सामने आई है।
भूखंड पर अमल-दखल रखने वाले शाहनवाज पुत्र डॉ. जुल्फिकार, निवासी ज्वालापुर, का कहना है कि वह इस मामले में पहले भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर चुके हैं। उनका आरोप है कि दूसरा पक्ष कुछ माफिया और रसूखदार लोगों के साथ मिलकर गैरकानूनी तरीके से भूखंड पर कब्जा करना चाहता है। इसी कारण बार-बार कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है तो बार-बार मौके पर कब्जे की कोशिश क्यों की जा रही है? क्या संबंधित पक्ष को न्यायालय के फैसले का इंतजार नहीं है? वहीं लगातार सामने आ रहे प्रयासों से यह सवाल भी उठ रहा है कि कब्जे की कोशिश करने वालों में कानून का कितना खौफ है।
शाहनवाज ने एक बार फिर पुलिस से मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पूरा विवाद न्यायालय में विचाराधीन है और इसके बावजूद जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।



