अपराधदेहरादून

“ऑपरेशन प्रहार में पटेलनगर पुलिस का ताबड़तोड़ प्रहार, नशे के सौदागरों से चोरों तक पर कसा शिकंजा..

स्मैक और चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, सड़क किनारे सो रहे व्यक्ति का सामान उड़ाने वाले दो आरोपी भी दबोचे; चोरी की अंगूठी, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; ऑपरेशन प्रहार के तहत पटेलनगर पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ एक साथ तीन मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए बदमाशों पर शिकंजा कस दिया। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में जहां 12.35 ग्राम स्मैक और 374 ग्राम अवैध चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं सड़क किनारे लेटे व्यक्ति को निशाना बनाकर उसका सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को भी दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पीली धातु की अंगूठी, 1500 रुपये की नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में नशे की तस्करी और बिक्री के साथ-साथ चोरी व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते पटेलनगर पुलिस ने चेकिंग और संदिग्धों की निगरानी तेज करते हुए यह कार्रवाई की। पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन मामलों का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

केस-1 : कबाड़ी पुल के पास स्मैक के साथ दबोचा नशा तस्कर…..
पटेलनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम कबाड़ी पुल के पास कबाड़ी बाजार की ओर जाने वाली नई सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि में नजर आए एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान सब्बीर उर्फ बुच्चन (34 वर्ष) पुत्र मुस्तफा, निवासी मकान नंबर 1291, निकट दुर्गा मंदिर, लोहिया नगर, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी। मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, हेडकांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल राहुल कुमार, व कांस्टेबल अनिल सालार शामिल रहे।

केस-2 : सड़क किनारे लेटे व्यक्ति को बनाया निशाना, दो आरोपी गिरफ्तार…..
पटेलनगर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला 13 सितंबर को सामने आया था, जब कानपुर निवासी एक महिला ने कोतवाली पटेलनगर पहुंचकर तहरीर दी थी। तहरीर में महिला ने बताया कि उसके पति सतीश को एक अज्ञात ऑटो चालक द्वारा नशीला पदार्थ खिलाकर उनका एटीएम और नकदी चोरी कर ली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों, संदिग्धों और उपलब्ध सुरागों को खंगालते हुए दो युवकों को चिह्नित किया। इसके बाद सण्डे मार्केट ग्राउंड के बाहर, आईएसबीटी के पास से विवेक चौधरी (22) और मोहित शुक्ला (20) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की एक अंगूठी, 1500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। 13 सितंबर को काम से छुट्टी के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टर्नर रोड स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने उन्हें सड़क किनारे एक व्यक्ति लेटा हुआ दिखाई दिया। व्यक्ति के हाथ में अंगूठी और गले में चेन देखकर दोनों आरोपियों के मन में लालच आया। दोनों ने मौका देखकर व्यक्ति के पास से चेन, अंगूठी और कुछ नकदी निकाल ली। वारदात के बाद भागते समय घबराहट में चेन रास्ते में कहीं गिर गई। आरोपियों ने बाद में चेन तलाशने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिली।पुलिस के मुताबिक चोरी की नकदी में से काफी रकम दोनों ने खाने-पीने और घूमने में खर्च कर दी। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। बरामद सामान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, व उपनिरीक्षक बलवीर सिंह रावत शामिल रहे।

केस-3 : 374 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, पहले भी जा चुका है जेल…..
नशे के खिलाफ पटेलनगर पुलिस की कार्रवाई का तीसरा मामला शिमला बाईपास रोड से सामने आया। पुलिस टीम शिमला बाईपास रोड पर बड़ोवाला से पहले गोरखपुर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 374 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान तैय्यब (25 वर्ष) पुत्र इकबाल, निवासी चन्दाताल, मेहूंवाला, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुका है।पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में वर्ष 2021 से 2025 के बीच आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी और बीएनएस की धाराओं से संबंधित कुल 13 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों में अधिकांश मामले धारा 25/4 आर्म्स एक्ट से संबंधित हैं। इसके अलावा आबकारी अधिनियम व चोरी सहित अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, कांस्टेबल संदीप कुमार व कांस्टेबल पंकज रावत शामिल रहे।प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ बोले—नशे और अपराध के खिलाफ अभियान रहेगा जारी…..
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ ने बताया कि क्षेत्र में नशे की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार चेकिंग और संदिग्धों की निगरानी कर रही है। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ-साथ चोरी और अन्य अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवाओं के लिए गंभीर चुनौती है, इसलिए नशे की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों पर भी पुलिस की नजर है। उन्होंने बताया कि हालिया कार्रवाइयों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके संपर्कों और आपराधिक नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।प्रभारी निरीक्षक ने आमजन से भी अपील की कि नशे की तस्करी व संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!