
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; श्यामपुर क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रही पुलिस की मुहिम के बीच उस समय सफलता हाथ लगी, जब चेकिंग कर रही पुलिस टीम को देखकर एक बाइक सवार अचानक बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस को शक हुआ तो टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 400 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ अपराध की रोकथाम के लिए क्षेत्र में लगातार सक्रिय है।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी लालढांग गगन मैठाणी पुलिस टीम के साथ गैण्डीखाता बाजार से टाटवाला जाने वाले नहर पटरी मार्ग पर रवासन नदी पुल पार करने के बाद चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टाटवाला की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने अचानक मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में बाइक अनियंत्रित हो गई। शक गहराने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बाइक सवार को पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम राकेश पुत्र कालू सिंह, निवासी दूधियावाला/टाटवाला, थाना श्यामपुर, हरिद्वार, उम्र करीब 40 वर्ष बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी नीले रंग की लोअर की जेब से काले रंग की थैली निकालकर उसमें चरस होने की बात बताई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बरामद पदार्थ की जांच और तौल की गई। डिजिटल तराजू पर तौल करने पर 400 ग्राम चरस बरामद हुई, जबकि पन्नी समेत इसका कुल वजन 404 ग्राम निकला। पुलिस ने बरामद चरस को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया और नमूना मोहर तैयार की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चरस गांव से थोड़ा-थोड़ा करके एकत्र की थी और उसे गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। पुलिस ने चरस की तस्करी में इस्तेमाल काले रंग की होंडा स्प्लेण्डर प्रो मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है। इसके अलावा आरोपी के पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
श्यामपुर पुलिस ने आरोपी राकेश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा पूछताछ में बताए गए तथ्यों की विवेचना के दौरान विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस टीम में गगन मैठाणी, चौकी प्रभारी लालढांग, हेडकांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल मनमोहन सैनी शामिल रहे।



