
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे की दवाइयों का अवैध कारोबार करने वालों पर कलियर पुलिस और STF ने शिकंजा कस दिया। संयुक्त टीम ने पिरान कलियर स्थित मोनी मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान टीम ने 1150 Puroxiwin Spas के लूज कैप्सूल और 10 कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मूल पैकिंग और लेबल हटाकर कैप्सूल को लूज में नशे के आदी लोगों को बेचते थे।
STF कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर चला अभियान….
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम को पिरान कलियर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ और कलियर पुलिस ने ड्रग विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
भवानी शंकर पंत और कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में बिछाया जाल…..
देहरादून एसटीएफ के निरीक्षक भवानी शंकर पंत और कलियर प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। सूचना के आधार पर टीम साबरी नावेद टी स्टाल के सामने स्थित मोनी मेडिकल स्टोर पहुंची और नियमानुसार दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान काउंटर के ऊपरी रैक से 10 Codectus TR सिरप, जिनमें Triprolidine HCL and Codeine Phosphate मौजूद है, बरामद हुए। इसके अलावा चार पारदर्शी/सिल्वर पैकिंग पन्नियों में 215-215 Puroxiwin Spas कैप्सूल, यानी कुल 860 कैप्सूल, जबकि अन्य 290 कैप्सूल भी बरामद किए गए। इस तरह कुल 1150 लूज कैप्सूल पुलिस के हाथ लगे।
मूल पैकिंग हटाकर बेचने का खुलासा….
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों कुर्बान अली (40) निवासी महमूदपुर और आदिल (24) निवासी मुकरर्बपुर ने कथित तौर पर बताया कि बरामद कैप्सूल ट्रामाडोल कैप्सूल हैं। आरोपियों के मुताबिक वे पकड़े जाने के डर से इनकी मूल पैकिंग और लेबल हटाकर लूज में बेचते थे।
दोनों ने यह भी बताया कि उनके पास इन दवाओं के खरीद-बिक्री संबंधी कोई अभिलेख नहीं था और वे इन्हें नशे के आदी लोगों को मोटे मुनाफे पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक मौके पर किसी चिकित्सक का प्रिस्क्रिप्शन भी नहीं मिला। बरामद दवाओं के संबंध में खरीद और बिक्री से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
1150 कैप्सूल और 10 कोडीन कफ सिरप बरामद….
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1150 Puroxiwin Spas कैप्सूल और 10 Codectus TR कोडीन कफ सिरप बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
ये रहे संयुक्त टीम में शामिल पुलिसकर्मी….
कार्रवाई में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, STF देहरादून; उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, STF देहरादून; अ0उ0नि0 रामअवतार, थाना कलियर; हे0का0 271 इसरार, थाना कलियर; हे0का0 11 माजिद, थाना कलियर; हे0का0 देशराज, STF देहरादून; कांस्टेबल रवि पंत, STF देहरादून; ड्रग निरीक्षक विनोद जगुड़ी तथा ड्रग निरीक्षक हरिद्वार हरीश सिंह शामिल रहे।



