“पति से अनबन के बाद दिल्ली की महिला ने फ्लाईओवर से लगाई छलांग, गंभीर घायल, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पति से विवाद के बाद घर छोड़कर हरिद्वार पहुंची दिल्ली की एक महिला ने शनिवार रात प्रेमनगर फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय प्रियंका निवासी शांति नगर, रानीगंज, दिल्ली दो दिन पहले पति से कहासुनी के बाद घर छोड़कर निकल गई थी। बताया गया कि वह अलग-अलग वाहनों से लिफ्ट लेते हुए और कुछ दूरी पैदल तय कर हरिद्वार पहुंची थी। शनिवार रात वह प्रेमनगर फ्लाईओवर पर पहुंची और अचानक नीचे सड़क पर कूद गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल अस्पताल भिजवाया। जांच में महिला के हाथ और कूल्हे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने उसके परिजनों और पति को घटना की सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के चलते महिला के घर छोड़ने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



