उत्तराखंड

“स्वास्थ्य व्यवस्था पर फूटा गुस्सा, मंत्री और विधायकों का पुतला फूंका..

बागेश्वर में सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, अस्पतालों की बदहाली और लापरवाही पर उठाए सवाल..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
बागेश्वर: पर्वतीय क्षेत्रों में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और अस्पतालों की कथित लापरवाही को लेकर जनता का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। बागेश्वर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और हाल के गंभीर मामलों के विरोध में शनिवार को सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने लैंसडाउन चौक पर स्वास्थ्य मंत्री तथा जनपद के विधायकों का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।

सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। बागेश्वर में हाल ही में सामने आए घटनाक्रमों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिकों को जीवन और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़े तो यह सरकार और प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है।

रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी है, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और दवाइयों का अभाव बना हुआ है तथा मरीजों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और गरीब तबके के लोगों को इसका सबसे अधिक खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। गंभीर मरीजों को अक्सर बेहतर उपचार के लिए दूसरे जनपदों में रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है तथा कई मामलों में मरीजों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी केवल अस्पताल भवन खड़े करना नहीं, बल्कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। सरकार को पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सकों के रिक्त पदों को तत्काल भरने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अस्पतालों की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।प्रदर्शन के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो सुराज सेवा दल प्रदेशव्यापी जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री एवं बागेश्वर जनपद के विधायकों का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध दर्ज कराया और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की मांग दोहराई। इस अवसर पर देवेन्द्र बिष्ट, सुमित अग्रवाल, बिपिन सिंह, हिमांशु धामी, विजेंद्र, नवीन राज, अमित अग्रवाल, सागर वर्मा, कुनाल, शिवम्, लालमणि भारद्वाज, दीपक राणा, इरसाद, पूजा नेगी, पूजा बिष्ट, गीता तोमर, अरविन्द सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!