हरिद्वार

“विकास के दावों की खुली पोल! जलभराव और लो-वोल्टेज से त्रस्त बत्रा कॉलोनी के लोगों ने मंत्री प्रदीप बत्रा को घेरा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; बरसात की पहली तेज बारिश ने एक बार फिर रुड़की की आदर्श नगर स्थित बत्रा कॉलोनी की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल दी। वर्षों से जलभराव और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे कॉलोनीवासियों का सब्र रविवार को जवाब दे गया। बड़ी संख्या में लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करते हुए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता एवं लोकतांत्रिक जनमोर्चा के सुभाष सैनी ने भी सरकार और जनप्रतिनिधियों पर जमकर निशाना साधा।कॉलोनीवासियों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान पूरी बत्रा कॉलोनी तालाब में तब्दील हो जाती है। सड़कों और गलियों में जलभराव होने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। उनका आरोप है कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। बरसात के दिनों में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाती है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित होता है।प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जलभराव के साथ-साथ बिजली व्यवस्था भी गंभीर संकट से गुजर रही है। कई स्थानों पर बिजली के तार झूल रहे हैं, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हैं और क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की संख्या भी पर्याप्त नहीं है। उनका आरोप है कि कॉलोनी के समीप स्थित गांव के खेतों में लगे किसानों के ट्यूबवेल वाले ट्रांसफार्मर के बिजली कनेक्शन को कॉलोनी की सप्लाई से जोड़ दिया गया है। इसके कारण पूरे क्षेत्र में लगातार लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। गर्मी के मौसम में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पाते, जिससे लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए कॉलोनीवासियों ने लोकतांत्रिक जनमोर्चा एवं कांग्रेस नेता सुभाष सैनी को मौके पर बुलाया। सुभाष सैनी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा वर्षों से जनता को केवल आश्वासन देते आ रहे हैं, जबकि धरातल पर विकास और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता जलभराव, बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आते।सुभाष सैनी ने यह भी आरोप लगाया कि शेरपुर हत्याकांड के दौरान पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दे उठा रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में इन्हीं मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएगी।प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बत्रा कॉलोनी में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और लो-वोल्टेज की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी।प्रदर्शन में प्रमुख रूप से ओमवीर धीमान, अजीत प्रताप सिंह, अजय सैनी, रोहित कुमार, प्रदीप बालियान, आदेश त्यागी, रमेश सैनी, सोनू सैनी, मनीष तनेजा, सचिन कुमार, जितेंद्र कुमार, दीपक कुमार, अनमोल कुमार, देवेंद्र कुमार, अनिल कुमार, राकेश डोली, रोहित जैन, राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!