हरिद्वार

“जन निर्माण पार्टी का पहला शक्ति प्रदर्शन बना चर्चा का केंद्र, 500 लोगों ने थाना पार्टी का दामन, उमेश कुमार बोले—अब बदलेगी राजनीति की तस्वीर

राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया शर्मा ने दिलाई सदस्यता, शिवसेना, आरएलडी, भाकियू, बसपा समेत कई दलों के नेताओं ने बढ़ाया पार्टी का कुनबा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर की सियासत में नई हलचल पैदा करते हुए जन निर्माण पार्टी (जेएनपी) ने अपने पहले ही सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में शक्ति प्रदर्शन किया। विधायक उमेश कुमार की मौजूदगी में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े नेताओं ने पार्टी का दामन थामा। कार्यक्रम में करीब 500 लोगों ने सदस्यता ग्रहण की, जबकि हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने जेएनपी की चुनावी तैयारियों का संदेश भी दे दिया।नई राजनीतिक पार्टी के रूप में सामने आई ‘जन निर्माण पार्टी (जेएनपी) की औपचारिक घोषणा के बाद रविवार को रुड़की में पहला सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक उमेश कुमार, पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया शर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभिन्न दलों के नेता और समर्थक मौजूद रहे।इस अवसर पर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि आज जिन राजनीतिक दलों, संगठनों और जिम्मेदार लोगों ने जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है, उनमें कई राष्ट्रीय स्तर की पार्टियों से जुड़े रहे हैं। ऐसे लोगों का जेएनपी पर विश्वास जताना पार्टी को नई ताकत देने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर प्रदेश को करीब 70 प्रतिशत राजस्व देने वाले जिले हैं, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से इनकी लगातार उपेक्षा की जाती रही है। देहरादून में बैठे नेता नहीं चाहते कि इन दोनों जिलों के स्थानीय नेताओं का राजनीतिक कद बढ़े। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लोग अपनी राजनीतिक लड़ाई खुद लड़ें और स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करें।उमेश कुमार ने कहा कि जन निर्माण पार्टी इन दोनों जिलों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने मूल निवास के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि प्रदेश में एक समान कानून होना चाहिए। उनका कहना था कि 9 नवंबर 2000 से पहले उत्तराखंड में निवास करने वाला प्रत्येक व्यक्ति प्रदेश का मूल निवासी माना जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के नेता पहाड़ की राजनीति में इतने व्यस्त हैं कि पलायन और मैदानी क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं की ओर उनका ध्यान नहीं है। विधायक उमेश कुमार ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया शर्मा और सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया शर्मा ने लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और शोषित वर्गों के अधिकार जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। इन्हीं मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनता की आवाज बनने के उद्देश्य से जन निर्माण पार्टी का गठन किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी चुनावों में जन निर्माण पार्टी जनपद की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। सोनिया शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 500 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।सदस्यता ग्रहण करने वालों में शिवसेना उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रजापति, राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के प्रदेश महासचिव लोकेश कुमार सैनी, आरएलडी महानगर अध्यक्ष कपिल त्यागी, भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) से राहुल कुमार शर्मा, जिला पंचायत सदस्य कमलेश, वरिष्ठ बसपा नेता धनराज तथा रविंद्र कुमार के नेतृत्व में धनगर समाज के सैकड़ों लोग शामिल रहे। सभी नए सदस्यों का राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया शर्मा ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जेएनपी के इस पहले सदस्यता अभियान को आगामी चुनावों से पहले पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!