“कांग्रेस की मैंगो पार्टी में सियासी तड़का, सोनम वांगचुक के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर जमकर बरसे आलोक शर्मा..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; शिवालिक नगर कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा के संयोजन में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच आपसी सौहार्द, संगठनात्मक एकजुटता और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से मैंगो पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती के साथ-साथ समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा और जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि आम केवल एक फल नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ने और खुशियां बांटने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हमेशा मिठास, उत्साह और आपसी समन्वय बना रहना चाहिए, क्योंकि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
आलोक शर्मा ने दिल्ली में पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के धरने और भूख हड़ताल को जबरन समाप्त किए जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों के संवैधानिक अधिकारों का दमन लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने राहुल गांधी के कार्यक्रमों को जनता से जुड़ा बताते हुए कहा कि देश की जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली और विकास चौधरी ने सभी को मैंगो पार्टी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय आम पूरी दुनिया में अपनी मिठास के लिए प्रसिद्ध है और ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास कर रही हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा, विकास चंद्रा और तीर्थपाल रवि ने कहा कि ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता बढ़ाने का माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता परेशान है, जबकि कांग्रेस समाज में खुशियां और भाईचारे का संदेश देने का काम करती है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामयश सिंह, राव आफाक अली, अखिल त्यागी, अरविंद गुर्जर, पूनम भगत, ओपी चौहान, संतोष चौहान, दिनेश कुमार, विनोद कुमार, नन्दलाल राणा, अजमोल मोदी, दाताराम चौहान, इरशाद खान, इरफान अंसारी, छम्मा ठेकेदार, नईम कुरैशी, मकबूल कुरैशी, अयान कुरैशी, आशीष सैनी, एमडी शर्मा, अनंत पांडेय, आशु श्रीवास्तव, लता जोशी, सुमन अग्रवाल, ऊषा शर्मा, महेश प्रताप राणा, कैलाश प्रधान, बीपीएस तेजियान, सुरेन्द्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



