
पंच👊नामा-ब्यूरो
रुड़की/देहरादून; भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, धांधली और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के विरोध में सुराज सेवा दल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में देहरादून और रुड़की में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है। वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है, जबकि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाने में विफल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी मानसिक तनाव का शिकार हुए हैं और कुछ युवाओं ने आत्महत्या जैसा कदम भी उठाया, लेकिन इसके बावजूद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अब तक नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की।
रमेश जोशी ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरन हटाया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने मांग की कि सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा शिक्षा मंत्री तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
उधर रुड़की के चंद्रशेखर चौक पर सुराज सेवा दल के वरिष्ठ नेता इंतेजार प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।
इंतेजार प्रधान ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यदि सरकार ने जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की और युवाओं के साथ न्याय नहीं किया, तो सुराज सेवा दल आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप देगा। सुराज सेवा दल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर नितिन कटारिया, नौशाद, सतवीर, फिरोज, इंतेजार, नदीम, विनोद राणा, खलील, उज्जवल, दिनेश, सुशील सहित बड़ी संख्या में सुराज सेवा दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



