हरिद्वार

“कांवड़ मेले की ‘फुल प्रूफ’ तैयारी का दावा..! डीएम-एसएसपी ने मीडिया के सामने रखा पूरा रोडमैप..

प्रेस क्लब के संवाद कार्यक्रम में साइबर कमांडो, ट्रैफिक, डीजे, अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था पर खुलकर बोले दोनों अधिकारी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कांवड़ मेले की आहट के बीच इस बार प्रशासन ने सिर्फ तैयारियों का दावा ही नहीं किया, बल्कि मीडिया के सामने पूरा ‘ब्लूप्रिंट’ भी खोल दिया। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पत्रकारों के हर सवाल का खुलकर जवाब दिया। सोशल मीडिया पर पहली बार साइबर कमांडो की तैनाती, एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो पर कुछ घंटों में कार्रवाई, डीजे वाहनों पर सख्ती, ट्रैफिक प्लान और अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दों पर प्रशासन का स्पष्ट रुख सामने आया। कार्यक्रम में प्रशासन और मीडिया के बीच बेबाक संवाद देखने को मिला।प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल व वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखोला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने डीएम एवं एसएसपी को बुके भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।संवाद के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ मेला शुरू हो चुका है और बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं, जबकि कई श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट भी चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्य और कुंभ-2027 की तैयारियों के कारण प्रशासन के सामने अतिरिक्त चुनौतियां हैं। इसके बावजूद करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी विभागों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।डीएम ने बताया कि 15 अगस्त तक मेला अवधि के दौरान प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करेगा। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा और विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से पहले प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाएगा और भीमगोड़ा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले का स्वरूप लगातार बदल रहा है और पुलिस भी उसी के अनुरूप आधुनिक रणनीति के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा, जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे। इस संबंध में विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है।एसएसपी ने स्पष्ट किया कि डीजे वाहनों को निर्धारित मानकों के भीतर ही संचालित करने की अनुमति होगी। यदि कोई वाहन तय सीमा का उल्लंघन करता है अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नियमों का उल्लंघन करने वालों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।सोशल मीडिया निगरानी को लेकर एसएसपी ने कहा कि पहली बार कांवड़ मेले में साइबर कमांडो तैनात किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक, फर्जी व समाज में भ्रम फैलाने वाले वीडियो पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सामान्य भ्रामक वीडियो को 36 घंटे के भीतर व एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो को लगभग तीन घंटे के भीतर हटाने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुनीलदत्त पांडे ने सोशल मीडिया निगरानी व्यवस्था को लेकर प्रश्न किया, जिस पर एसएसपी ने साइबर कमांडो की कार्यप्रणाली और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की। इसके अलावा पत्रकारों ने ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा, अतिक्रमण, सुविधाओं और मेले की चुनौतियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे, जिनका डीएम और एसएसपी ने विस्तार से जवाब दिया।प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच नियमित संवाद समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रमों से जनहित की महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर जैसे अनुभवी अधिकारियों के नेतृत्व का लाभ कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों और स्थानीय जनता को अवश्य मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखोला, सुनीलदत्त पांडे, बालकृष्ण शास्त्री, विकास चौहान, महताब आलम, अवधेश सिंह पुरी, कुमार दुष्यंत, संदीप शर्मा, शैलेंद्र गोदियाल, कुणाल दरगन, अमित शर्मा, मनोज रावत, मुकेश वर्मा, श्रवण झा, राजकुमार, जोगिंदर मावी, आशीष मिश्रा तथा दीपक नौटियाल ने डीएम एवं एसएसपी को बुके, स्मृति चिन्ह, शंख, रुद्राक्ष की माला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह का भी स्वागत किया गया।संवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण शास्त्री, कौशल सिखोला, सुनीलदत्त पांडे, विकास चौहान, महताब आलम, अवधेश सिंह पुरी, कुमार दुष्यंत, संदीप शर्मा, शैलेंद्र गोदियाल, कुणाल दरगन, सागर जोशी, तनवीर अली, रूपेश वालिया, जोगेंद्र मावी, शिप्रा अग्रवाल, दीपक नौटियाल, तरुण नैयर, काशीराम सैनी, रामेश्वर गौड़, अमित शर्मा, मुकेश वर्मा, राधिका नागरथ, संजय रावल, आशीष मिश्रा, प्रदीप जोशी, नीलम सैनी, प्रतिभा वर्मा, मनोज रावत, परमजीत राणा, मयूर सैनी, कुलभूषण शर्मा, वैभव भाटिया, सुमित यशकल्याण, सचिन, पुलकित शुक्ला, राजकुमार पाल, शिवांग अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!