हरिद्वार

“श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी बोले, मेरी हत्या की रची जा रही साजिश, लेकिन धमकियों से नहीं डरेंगे..

सुधीर गिरी हत्याकांड और मोहनदास की रहस्यमयी गुमशुदगी का भी दिया हवाला, एक स्थानीय संत की भूमिका पर सवाल..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने दावा किया है कि उनके खिलाफ हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वायरल किए गए एक वीडियो में न केवल उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगाए गए, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। उनका आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे एक स्थानीय संत की भूमिका हो सकती है।रविवार को श्री दक्षिण काली मंदिर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि वीडियो बाद में सोशल मीडिया से हटा दिया गया, लेकिन इससे पहले उसमें खुलेआम धमकी दी गई थी। उनका कहना था कि प्रयागराज में कुछ संतों द्वारा उनके खिलाफ प्रेसवार्ता किए जाने के तुरंत बाद यह वीडियो सामने आया, जिससे दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की आशंका और गहरी हो जाती है।उन्होंने कहा कि वह किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और सनातन धर्म तथा अखाड़ा परंपराओं के संरक्षण का कार्य पहले की तरह जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि कोई उनकी हत्या की साजिश रच रहा है तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा, “हम सुधीर गिरी या मोहनदास नहीं हैं कि हमारी हत्या कर कोई बच जाएगा। ऐसा दुस्साहस करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून के शिकंजे से नहीं बच सकेगा।“उन्होंने यह भी कहा कि उनकी अखाड़ा परिषद अलग है और दूसरे पक्ष की परिषद अलग। दोनों अपने-अपने स्तर पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन इस प्रकार की सोच और गतिविधियां किसी भी दृष्टि से उचित नहीं हैं। इस दौरान स्वामी कैलाशानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ के पीठाधीश्वर संदीप खत्री, स्वामी सच्चिदानंद, महंत गणेश दास, महंत भगवान दास सहित अनेक संत-महंत मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!