
पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रपुर: कानून की आँखों में धूल झोंककर स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के बड़े रैकेट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की ताबड़तोड़ कार्रवाई में न सिर्फ इस गिरोह का भंडाफोड़ हुआ, बल्कि 2 नाबालिग सहित 5 युवतियों को इस दलदल से मुक्त भी कराया गया। मौके से संचालिका समेत कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी ने इस पूरे नेटवर्क की परतें खोल दी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के सख्त निर्देश पर मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत AHTU टीम ने यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ में बाहरी राज्यों की लड़कियों से देह व्यापार कराए जाने की सूचना पर निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने औचक छापेमारी की, जहां पूरा खेल सामने आ गया।
मौके से 5 मोबाइल फोन, 1 स्कैनर, रिसेप्शन रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई, जो इस अवैध धंधे के संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करती है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मिजोरम से युवतियों को अच्छे काम का झांसा देकर उत्तराखंड लाते थे। यहां आने के बाद उन्हें डराकर-धमकाकर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया जाता था। रेस्क्यू की गई सभी 5 युवतियां मिजोरम की रहने वाली हैं, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई में संचालिका सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमे लालनुनसियामी उर्फ किकी (संचालिका), निवासी मिजोरम, मौ0 शेहरियार (पति), निवासी बरेली, एच लालछनहिमा, निवासी मिजोरम, दीपक सिंह, निवासी रुद्रपुर, संजय श्रीवास्तव, निवासी पीलीभीत/रुद्रपुर व लालरमजावी उर्फ निकी, निवासी मिजोरम शामिल है।
पहले से दर्ज था मुकदमा, मिजोरम पुलिस से जुड़ाव….
इस पूरे मामले की जड़ें मिजोरम तक जुड़ी मिली हैं, जहां आइजोल के ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में पहले से ही मुकदमा दर्ज है। अब उत्तराखंड पुलिस ने मिजोरम पुलिस से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। रुद्रपुर कोतवाली में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिसमें BNS, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और POCSO एक्ट शामिल हैं।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में….
1:- निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी (प्रभारी AHTU)
2:- उपनिरीक्षक रीता,
3: अपर उपनिरीक्षक संगीता चन्द
4:- महिला कांस्टेबल ममता मेहरा
5:- सीमा, कांस्टेबल कृपाल सिंह
6:- सूरज धामी
7: विरेन्द्र पाण्डे
8:- राजेन्द्र कुमार


