
पंच👊नामा-ब्यूरो
ऊधम सिंह नगर: निकाह से पहले मेहर की रकम तय करने को लेकर हुए विवाद में दुल्हन के पिता की मौत हो गई। इस पर मैरिज हाल में हंगामा हो गया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे व बारातियों की जमकर पिटाई कर दी थी। कुछ बाराती मैरिज हाल की छत से कूदकर भागने में चोटिल भी हो गए। बाद में बरेली से आई बारात रविवार देर रात खाली हाथ लौटा दी गई।
मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौते में तय हुआ कि दूल्हा पक्ष बतौर हर्जाना 13.5 लाख रुपए देगा। दोनों पक्ष एक-दूसरे से लिया गया सामान वापस करेंगे। बरेली के फरीदपुर से मो.अमजद के पुत्र मो.आरिफ का निकाह खटीमा के इस्लामनगर वार्ड सात निवासी सादिक हुसैन की पुत्री निकहत से तय हुआ था। रविवार शाम बारात मैरिज हाल में पहुंच भी गई।
स्वागत व भोजन के बाद मेहर की रकम तय करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। दूल्हा पक्ष 21 हजार तो दुल्हन वाले पांच लाख रुपये तय करने पर अड़ गए। विवाद बढ़ने लगा और इसी दौरान दुल्हन के पिता 65 वर्षीय सादिक हुसैन को सीने में दर्द उठा। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पर मैरिज हाल में हंगामा हो गया।
दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे व बारातियों की जमकर पिटाई कर दी थी। कुछ बाराती मैरिज हाल की छत से कूदकर भागने में चोटिल भी हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराते हुए बारातियों को समीप ही दूसरे कक्ष में बैठा दिया।
इसके बाद कोतवाल विजेंद्र शाह, कादरी मौलाना इरफानुल हक, सभासद असलम अंसारी आदि की मौजूदगी में देर रात तक दोनों पक्षों के बीच वार्ता चली। जिसमें तय हुआ कि दुल्हन पक्ष को सामान वापसी के साथ ही हर्जाने के रूप में 13.50 लाख रुपए देने होंगे। इसके बाद पुलिस ने दूल्हे व बारातियों को सकुशल रवाना कर दिया।



