
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ज्वालापुर क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया। सब्जी मंडी और आसपास फड़-ठेली लगाकर कारोबार करने वाले लोगों की जांच कर
पुलिस ने 34 व्यक्तियों का सत्यापन किया, जबकि नियमों की अनदेखी करने वालों पर चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद हरिद्वार में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कोतवाली ज्वालापुर के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार की अगुवाई में पुलिस टीमों का गठन कर सब्जी मंडी और आसपास क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
इस दौरान सब्जी, फल की रेड़ी-ठेली और फड़ लगाने वाले 34 व्यक्तियों को कोतवाली लाकर आईसीजीएस पोर्टल के माध्यम से उनके आपराधिक इतिहास की जांच की गई।
जांच के दौरान सत्यापन न कराने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस अधिनियम के तहत 50 चालान कर 12,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। वहीं मंडी के आढ़तियों के खिलाफ 83 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालान कर मामला माननीय न्यायालय भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने मंडी के आढ़तियों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि वे अपने यहां कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं, अन्यथा उनके विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी व कर्मचारी……
वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, उप निरीक्षक रविंद्र जोशी, अपर उप निरीक्षक गंभीर तोमर, अपर उप निरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल धर्मेंद्र राणा, कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल मनोज डोभाल, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल राजपाल शामिल रहे।



