
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हरियाणा से आए दो पर्यटकों ने पार्किंग शुल्क को लेकर हुए विवाद में पार्किंग मैनेजर को कार से रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल पार्किंग मैनेजर की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
सोनीपत (हरियाणा) निवासी विशाल और सूरज कार से हरिद्वार आए थे। दोनों ने रोड़ी बेलवाला स्थित पार्किंग में वाहन खड़ा किया और हरकी पैड़ी चले गए। लौटने पर पार्किंग कर्मचारियों ने उनसे निर्धारित शुल्क मांगा। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने किराया देने से इनकार करते हुए बैरियर तोड़कर कार भगाने की कोशिश की।
इसी दौरान उन्हें रोकने के लिए आगे आए पार्किंग मैनेजर सहदेव सिंह निवासी बोंगला, बहादराबाद को आरोपितों ने कार से रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सहदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही सहदेव सिंह ने दम तोड़ दिया।
घटना से पार्किंग परिसर में हड़कंप मच गया। गुस्साए कर्मचारियों ने आरोपितों की कार में तोड़फोड़ कर दी। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। बाद में उनकी पहचान विशाल और सूरज, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई।
शहर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



