
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पत्नी की महिला अधिवक्ता से मारपीट के मामले में आरोपित बनाए गए भाजपा नेता के पारिवारिक विवाद में नया मोड़ आ गया। विवाद के बाद नवंबर में पत्नी अपनी मां के साथ घर लौट आई और गलतियों की क्षमा याचना कर पति के साथ रहने लगी। लेकिन पति जब बेटी को स्कूल छोड़ने गए तो पत्नी संदिग्ध परिस्थितियोें में गायब हो गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
भाजपा नेता योगेश कुमार निवासी वृज विहार कॉलोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपनी पांच वर्षीय पुत्री के साथ कॉलोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी हिना पूर्व में मायके चली गई थी, लेकिन तीन नवंबर 2025 को वह अपनी मां बसीता मल्होत्रा के साथ वापस लौटी थी। हिना ने पूर्व की गलतियों के लिए क्षमा याचना की थी, जिसके बाद उन्होंने पुनः अपने साथ रख लिया।
इसके बाद परिवार सामान्य रूप से खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा था। योगेश कुमार ने बताया कि 19 दिसंबर 2025 की सुबह वह अपनी पुत्री को स्कूल छोड़ने गए थे। छुट्टी के समय जब वह बेटी को लेकर घर लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। घर के भीतर पत्नी मौजूद नहीं थी और उसका सारा सामान भी गायब था। आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी हिना की उम्र करीब 32 वर्ष है, रंग गोरा है, कद लगभग 5 फीट 1 इंच है। वह घर से जाते समय बैग लिए हुए थी। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।



