“जायरीनों के स्वागत को तैयार कलियर, उर्स से पहले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक शेठ ने संभाली कमान.!
मेंहदी डोरी से पहले अधिकांश तैयारियां मुकम्मल, जर्मन हैंगर से लेकर लंगर-टीनशेड तक सभी इंतजाम दुरुस्त; J.M. बोले—लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; परचम कुशाई के साथ हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रह. के सालाना उर्स/मेले का आगाज हो चुका है। अब चांद दिखाई देने के साथ ही उर्स की पहली रस्म मेंहदी डोरी अदा की जाएगी और इसके साथ उर्स/मेले का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। उर्स को लेकर प्रशासन ने इस बार तैयारियों में खास तेजी दिखाई है। रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ के निर्देशन और लगातार मॉनिटरिंग के चलते मेले की अधिकांश व्यवस्थाएं उर्स शुरू होने से पहले ही मुकम्मल कर ली गई हैं।
आमतौर पर मेंहदी डोरी की रस्म के बाद मेले से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिलती थी, लेकिन इस बार प्रशासन ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए अधिकांश तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं। जर्मन हैंगर, साफ-सफाई, बिजली एवं लाइटिंग, झूला-सर्कस, लंगर, टीनशेड, मेला कोतवाली, खोया-पाया और अनाउंसमेंट समेत विभिन्न ठेकों की नियमों के तहत समय से नीलामी कर दी गई है। इससे मेले के दौरान संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने में आसानी होगी।
प्रशासन की प्राथमिकता इस बार लाखों जायरीनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मेले में किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की ओर से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जायरीनों की सुविधा, साफ-सफाई, बिजली-पानी, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
जायरीनों की लाइन में भी बारिश का ‘ब्रेक’ नहीं…..
दरगाह में हाजिरी देने के लिए लाइन में लगने वाले जायरीनों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। लाइन वाले स्थान पर वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की गई है, ताकि बारिश या धूप की स्थिति में जायरीनों को परेशानी न उठानी पड़े। प्रशासन की इस व्यवस्था से खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
हर व्यवस्था पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की नजर….
उर्स/मेले की तैयारियों की कमान संभाल रहे रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की सक्रिय मॉनिटरिंग को लेकर स्थानीय स्तर पर भी प्रशासन की तैयारियों की सराहना हो रही है। उर्स की रस्में शुरू होने के साथ ही कलियर में जायरीनों की आमद भी तेजी से बढ़ेगी। ऐसे में प्रशासन का फोकस अब व्यवस्थाओं को बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और हर जायरीन को सुरक्षित व सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है।



