“खानपुर विधानसभा को बड़ी सौगात, रुड़की-दल्लावाला नई बस सेवा का शुभारंभ..
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और विधायक उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से दिखाई हरी झंडी..

पंच👊नामा
रुड़की: खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। रुड़की से दल्लावाला तक नई बस सेवा का शुभारंभ कर दिया गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस नई सेवा से रुड़की, ढंढेरा, लंढोरा समेत लक्सर मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के यात्रियों को सीधी और सुगम कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से इस रूट पर बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में बस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। बस रवाना होने के बाद परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और विधायक उमेश कुमार स्वयं बस में सवार हुए और मिलिट्री चौराहे तक एक ही सीट पर बैठकर सफर किया। इस दौरान दोनों नेताओं के समर्थक भी बस में मौजूद रहे।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अंतिम छोर तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार नई सेवाएं शुरू कर रही है।
वहीं खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि रुड़की से दल्लावाला तक शुरू की गई यह बस सेवा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस रूट से ढंढेरा, लंढोरा तथा रुड़की-लक्सर मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आवाजाही पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
नई बस सेवा शुरू होने से दल्लावाला, रुड़की और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया।



