हरिद्वार

“यूपी बॉर्डर पर पुलिस का पहरा होगा और मजबूत, चिड़ियापुर चौकी के नए भवन का उद्घाटन..

एसएसपी नवनीत सिंह ने पूजा-अर्चना के बाद किया लोकार्पण, अपराधियों की घुसपैठ रोकने से लेकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था संभालने तक अहम भूमिका निभाएगी चौकी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे चिड़ियापुर में अब कानून व्यवस्था की निगरानी और मजबूत होगी। हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, शातिर अपराधियों की घुसपैठ पर अंकुश लगाने और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पुलिस ने एक और कदम बढ़ाया है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत सीमांत चिड़ियापुर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। नई चौकी के शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।चिड़ियापुर चौकी भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। एक ओर उत्तर प्रदेश की सीमा और दूसरी ओर हाईवे पर वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते यह क्षेत्र कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिहाज से अहम माना जाता है। ऐसे में नवनिर्मित भवन पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में भी सहायक साबित होगा।अपराधियों की घुसपैठ पर लगेगी लगाम, आमजन को मिलेगी त्वरित मदद….
लोकार्पण के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसर का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सतर्कता बरतने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करने पर जोर दिया।चौकी के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा किसी आपात स्थिति में स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।स्थानीय लोगों ने जताया आभार….
नवनिर्मित पुलिस चौकी के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया। लोगों का मानना है कि क्षेत्र में पुलिस की बेहतर उपलब्धता से सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा और कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा, एसएसआई संजीत कंडारी, लालढांग चौकी प्रभारी गगन मैठाणी और चंडीघाट चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!