
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सिडकुल क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और सट्टेबाजी के खेल पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस की छापेमारी से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान चार कथित शराब तस्करों और दो सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से माल्टा और किन्नू मार्का देशी शराब के कुल 193 पैकेट, सट्टा सामग्री और 2,460 रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने शराब की अवैध तस्करी और सट्टेबाजी के मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान चार आरोपियों को देशी शराब के पैकेटों के साथ पकड़ा गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को कथित सट्टेबाजी से संबंधित सामग्री और नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम के तहत कुल छह मुकदमे दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इन चार आरोपियों से बरामद हुई देशी शराब…..
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार प्रतिसरवन उर्फ छोटन पुत्र मदनपाल निवासी औरंगाबाद, थाना सिडकुल, हाल निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी से माल्टा मार्का देशी शराब के 45 पैकेट बरामद हुए। धर्मपाल पुत्र मलखान सिंह निवासी राजा का ताजपुर, स्योहारा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी शनिदेव मंदिर, रोशनाबाद से किन्नू मार्का देशी शराब के 52 पैकेट मिले।
इसी क्रम में संजू तिवारी पुत्र ओमप्रकाश तिवारी निवासी बेलवा मलूकापुर, खीरी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी अरुण का मकान, चौहान मार्केट, रावली महदूद से माल्टा मार्का देशी शराब के 48 पैकेट बरामद किए गए। वहीं, प्रियांशु पुत्र अमरपाल निवासी कोर्ट कॉलोनी, थाना सिडकुल से भी माल्टा मार्का देशी शराब के 48 पैकेट बरामद हुए। इन चारों आरोपियों के कब्जे से कुल 193 पैकेट देशी शराब पुलिस ने अपने कब्जे में ली।
सट्टेबाजी के आरोप में दो गिरफ्तार, 2,460 रुपये बरामद…..
पुलिस ने सट्टेबाजी से संबंधित कार्रवाई में अनुज पुत्र गोवर्धन निवासी बेलड़ा, कोतवाली रुड़की को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1,200 रुपये बरामद किए गए। वहीं, दिनेश पुत्र जीवनलाल निवासी गणेशपुर सिरौली, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी नानू का मकान, रावली महदूद से 1,260 रुपये बरामद हुए। दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों से कुल 2,460 रुपये बरामद हुए।
छह मुकदमे दर्ज, न्यायालय में पेश होंगे आरोपी…..
थाना सिडकुल पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम के तहत मुकदमें दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय शाह के साथ हेड कांस्टेबल सुनील सैनी, हेड कांस्टेबल संजय तोमर, कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी, कांस्टेबल खजान सिंह, कांस्टेबल सुनील तोमर और कांस्टेबल हरि सिंह शामिल रहे।



