
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; शराब के नशे में लड़खड़ाते राहगीर को आसान शिकार समझकर उसके पीछे पड़े दो आरोपियों की लूट की कोशिश एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गई। सुनसान सड़क पर मारपीट कर पैसे छीनने के प्रयास के दौरान आरोपियों ने उसे ऐसा धक्का दिया कि वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। दोनों मौके से भाग निकले, लेकिन कुछ देर बाद लौटकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। शुरुआत में लावारिस शव का मामला नजर आ रही यह घटना जांच के दौरान गैर इरादतन हत्या के रूप में सामने आई। देहरादून पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पटेलनगर में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए उस घटनाक्रम का पता लगाया, जिसके चलते एक अज्ञात व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि सेवला खुर्द क्षेत्र में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए गए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। निर्धारित प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दूसरी ओर, पुलिस मृतक की पहचान और उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी रही।
मृतक की शिनाख्त के प्रयासों के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। इनमें से एक ने अचानक मृतक के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। व्यक्ति के गिरने के बाद दोनों वहां से चले गए। कुछ देर बाद वे वापस लौटे और जमीन पर पड़े व्यक्ति को हिलाकर देखने लगे। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
फुटेज और घटनाक्रम से मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने गंभीरता से जांच की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वयं वादी बनकर दोनों अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई।
नशे के आदी हैं दोनों आरोपी, शराब के ठेकों के आसपास तलाशते थे शिकार…..
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं। शराब के ठेकों के आसपास घूमते हुए वे अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों को चिन्हित करते थे। इसके बाद उनका पीछा कर सुनसान जगह मिलने पर पैसे और अन्य सामान छीनने की कोशिश करते थे। 19 अक्टूबर की रात भी दोनों आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति अत्यधिक शराब के नशे में जाता दिखाई दिया।
दोनों ने उसका पीछा किया और सेवला खुर्द क्षेत्र में सुनसान स्थान देखकर उसके साथ मारपीट करते हुए पैसे छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिर गया और बेहोश हो गया। आरोपी मौके से भाग गए, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटे तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोनों घबराकर वहां से फरार हो गए। आरोपियों का इरादा व्यक्ति को लूटने का था, लेकिन मारपीट और धक्का देने के दौरान उसे अंदरूनी चोटें आईं, जिनके कारण उसकी मृत्यु हो गई।
गिरफ्तार आरोपी…..
1:- अशरफ उर्फ काला (26 वर्ष) पुत्र असगर, निवासी ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून।
2:- सफदर (36 वर्ष) पुत्र अकबर, निवासी जीवनगढ़, थाना विकासनगर, जनपद देहरादून। वर्तमान में ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।
यह रही पुलिस टीम…..
मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, प्रभारी कोतवाली पटेलनगर; वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी; उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी; हेड कांस्टेबल मनोज कुमार; कांस्टेबल कैलाश पंवार; कांस्टेबल बृजमोहन और कांस्टेबल अरशद शामिल रहे।



