अपराधदेहरादून

“दून में पुलिस का डबल धमाका, धमकीबाज गिरफ्तार तो बाजार में बवाल काटने वाले तीन दबोचे..

युवती पर दुष्कर्म का मुकदमा वापस लेने और बयान बदलने का दबाव बनाने का आरोप, पटेलनगर बाजार में पुलिस से उलझे हुड़दंगियों पर भी कार्रवाई..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; महिला अपराधों के आरोपियों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों तक, दून पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। एक ओर सेलाकुई थाने से संबंधित मामले में युवती के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी ओर पटेलनगर बाजार में आपस में भिड़कर माहौल बिगाड़ रहे तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर कानून का पाठ पढ़ाया। पुलिस की इन कार्रवाइयों को महिला सुरक्षा और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर महिला अपराधों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में छेड़छाड़ और धमकी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की गई, जबकि पटेलनगर बाजार में विवाद के दौरान पुलिस के समझाने के बावजूद नहीं मानने वाले तीन व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कार्रवाई….
पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में उसके पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी साकिब को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार साकिब (26) पुत्र अली हसन, निवासी कावली रोड, देहरादून, के संबंध में पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने पूर्व में उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कराया था। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि साकिब पीड़िता पर उक्त मुकदमा वापस लेने और अपने बयान बदलने के लिए लगातार दबाव बना रहा था और उसे धमकियां दे रहा था। पुलिस ने छेड़छाड़ और धमकी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुराने मामले में आरोपों का निर्धारण न्यायालय में होना है।

पटेलनगर बाजार में भिड़े दो पक्ष, तीन गिरफ्तार……
इधर, पटेलनगर बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के लोग सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे से लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे और हुड़दंग मचाकर शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वे शांत होने के बजाय और उग्र हो गए और आपस में मारपीट पर उतारू हो गए।मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान आसिफ पुत्र मुस्तकीम, निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, लेन नंबर-5, पटेलनगर, उम्र 34 वर्ष; नौशाद पुत्र अब्दुल्ला, निवासी संस्कृति लोक कॉलोनी, लेन नंबर-5, पटेलनगर, देहरादून; और विकुश यादव पुत्र विनय कुमार, निवासी मंझोल, जबरदस्तपुर, देवबंद, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।महिला सुरक्षा और शांति व्यवस्था पर पुलिस का जोर….
दून पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इन कार्रवाइयों का उद्देश्य पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!