
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में रानीपुर पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए स्मैक तस्करी में लिप्त एक आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस की मुस्तैदी और लगातार चेकिंग अभियान के चलते क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गैस प्लांट क्षेत्र में नहर पटरी, जमालपुर खुर्द जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी आबिद हुसैन पुत्र नसीर मिस्त्री निवासी दादूपुर गोविन्दपुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, चरण सिंह, चौकी प्रभारी गैस प्लांट, हेड कांस्टेबल शिवराज शर्मा व कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।



