हरिद्वार

“रुड़की का लाल चमका अंतरराष्ट्रीय मंच पर: दिव्यांग निशानेबाज अभिनव देशवाल ने जीते गोल्ड, बना युवाओं का रोल मॉडल..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की। शहर के होनहार निशानेबाज अभिनव देशवाल ने अपनी शानदार उपलब्धियों से न सिर्फ रुड़की बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट हौसले के दम पर उन्होंने शूटिंग की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है।अभिनव अब तक लगभग 40 राष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुके हैं। वर्ष 2022 में ब्राजील में आयोजित डेफलिम्पिक्स में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का तिरंगा बुलंद किया। इसके बाद वर्ष 2024 में जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड डेफ शूटिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक हासिल किए। इन प्रतियोगिताओं में 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं।साल 2025 में टोक्यो (जापान) में आयोजित डेफलिम्पिक्स में भी अभिनव का जलवा बरकरार रहा, जहां उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं वर्ष 2026 में ओपन कैटेगरी में भी उन्होंने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। एशियन चैंपियनशिप में 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतने के साथ ही हाल ही में काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप 2026 में भी उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।खास बात यह है कि सुनने में दिव्यांग होने के बावजूद अभिनव सामान्य वर्ग के खिलाड़ियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां न सिर्फ खेल जगत में बल्कि युवाओं के लिए भी एक मजबूत प्रेरणा बनकर उभरी हैं।अभिनव के पिता मनोज देशवाल ने बेटे की सफलता का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि अभिनव ने हर चुनौती को अवसर में बदलते हुए यह मुकाम हासिल किया है और भविष्य में वह देश के लिए और बड़े कीर्तिमान स्थापित करेगा।इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पत्रकार व कांग्रेस नेता सुभाष सैनी ने अभिनव देशवाल और शौर्य सैनी को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा अभिनव देशवाल की यह सफलता न सिर्फ रुड़की के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।अभिनव के स्वागत में आयोजित समारोह में कॉलोनी के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कोच अमित धीमान, कुलभूषण त्यागी, राजवीर सिंह तोमर, अजय राठी, ईश्वर अग्रवाल, हिमांशु सिंह, गुरमीत सिंह, सतीश, राम अवतार पांडे, उजाला सिंह, सुधीर त्यागी, पूर्व पार्षद विवेक चौधरी, वर्तमान पार्षद मास्टर कुलबीर सिंह, सुमित, परमेंद्र देशवाल, अक्षय राठी, रवि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!