
पंच👊नामा
रुड़की: प्रेमिका की किसी दूसरे युवक से शादी तय होने पर एक प्रेमी के अंदर का सनी देओल जाग उठा।

सहारनपुर निवासी प्रेमी अपने एक साथी को लेकर हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र पहुंचा और प्रेमिका के मंगेतर पर फायर झोंक दिया।

पैर में गोली लगने से मंगेतर घायल हो गया। 90 के दशक की किसी फिल्म से मिलता-जुलता सनसनीखेज मामला सामने आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन की तो गोलीकांड के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला निकलकर सामने आया। पुलिस ने प्रेमी और उसके साथी को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर लिया।
—————————————-
शादी की तैयारी में लगा था मंगेतर…..

एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र में बालेकी श्मशान घाट के पास दो युवकों ने अमरपुर काजी निवासी 20 वर्षीय तुषार उर्फ गौरव के ऊपर फायर झोंक दिया था। तुषार अपनी शादी की तैयारी में लगा हुआ था और जरूरी सामान लेकर घर जा रहा था।

ऐसे में दो अज्ञात युवकों ने उसके पैर में गोली मार कर उसे घायल कर दिया था। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही परिजन जसवंत सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हर एंगल से घटना की पड़ताल शुरू की।
—————————————-
घटना के बाद सहारनपुर के होटल में ली शरण…..

सीओ मंगलौर विवेक कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर भगवानपुर सूर्य भूषण नेगी के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज आदि की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया और सहारनपुर रेलवे रोड स्थित होटल सूर्यलोक से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और 315 बोर के एक तमंचे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना नाम अभिषेक पुत्र आजाद निवासी ग्राम चेहड़ी थाना रामपुर मनिहारान सहारनपुर और अभिषेक पुत्र अजब सिंह निवासी ग्राम बुड्डाखेड़ा गुर्जर, थाना रामपुर मनिहारान बताया है। अभिषेक ने बताया कि तुषार कि जिस लड़की से शादी तय हुई है वह उस लड़की से प्रेम करता है।

उसकी शादी तय होने से नाराज अभिषेक ने तुषार पर जानलेवा हमला किया था।शादी की तैयारी में लगे तुषार पर तमंचे से फायर कर उसे घायल किया था, ताकि युवती से उसका रिश्ता टूट जाए। जानलेवा हमला कर घायल करने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।