हरिद्वार
“एचआरडीए के बाहर पहरा देते रहे गार्ड, उपाध्यक्ष के कमरे में खर्राटे लेता रहा नशेड़ी..
रात में उपाध्यक्ष कक्ष में घुसे नशेड़ी ने मचाया उत्पात, तोड़फोड़ कर फाड़ डाली सीटें, कर्मचारियों के उड़े होश..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एचआरडीए कार्यालय में मंगलवार सुबह उपाध्यक्ष कक्ष से एक नशे में धुत युवक गहरी नींद में सोता मिला। युवक देर रात किसी तरह कार्यालय में घुस गया और उपाध्यक्ष के कक्ष में जमकर तोड़फोड़ की। कुर्सियों की सीटें फाड़ डालीं और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। उत्पात मचाने के बाद वह वहीं सो गया।
सुबह कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो कमरे से आ रही खर्राटों की आवाज ने सबको चौंका दिया। अंदर का नजारा देखकर कर्मचारी सन्न रह गए। हलचल होते ही युवक मौके से भाग निकला।
घटना ने प्राधिकरण की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। होमगार्ड और निजी सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद किसी बाहरी व्यक्ति का सीधे उपाध्यक्ष कक्ष तक पहुंचना और रातभर वहां रहना बड़ी चूक माना जा रहा है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।



