“सतपाल महाराज के 75वें जन्मदिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब, ऋषिकुल मैदान में गूंजा सद्भावना और सेवा का संदेश..
राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री धामी ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, तीन पुस्तकों का किया विमोचन; अमित शाह का शुभकामना संदेश भी पढ़ा गया..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; आध्यात्मिक गुरु व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का 75वां जन्मदिवस सोमवार को मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में ऋषिकुल मैदान में भव्य सद्भावना समारोह के रूप में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में देश-विदेश से पहुंचे अनुयायियों ने भाग लिया।
इस दौरान पूरा ऋषिकुल मैदान आध्यात्मिक संदेशों, भक्ति और सद्भावना के रंग में नजर आया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर सतपाल महाराज को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। सतपाल महाराज के दोनों पुत्रों विभुजी महाराज और सुयश महाराज ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित समारोह में पहुंचे अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन पुस्तकों का विमोचन भी किया।
सनातन संस्कृति के प्रसार में सतपाल महाराज का योगदान : राज्यपाल…
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति की पताका को देश-दुनिया में फहराने में आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज का अनुकरणीय योगदान है। उनके जीवन और विचारों से उनके अनुयायियों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विश्व गुरु भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में सतपाल महाराज जैसे आध्यात्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है। राज्यपाल ने सतपाल महाराज को सेवा, संकल्प, समर्पण और कल्याण का स्वरूप बताते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
सतपाल महाराज के जीवन से लाखों लोग ले रहे प्रेरणा : सीएम धामी…
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सतपाल महाराज को 75वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं शतायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज ने अपने संपूर्ण जीवन में लाखों लोगों को प्रेरणा देने का कार्य किया है और धर्म एवं सेवा के संदेश को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत भूमि पर जन्म लेना सौभाग्य की बात है और हमारे पूर्व जन्म के पुण्य का भी इसमें महत्व माना गया है। पुराणों में भारत भूमि को पुण्यभूमि बताते हुए इसे मोक्ष का द्वार बताया गया है। उन्होंने सतपाल महाराज के पुत्रों, पुत्रवधुओं और पूरे परिवार को भी शुभकामनाएं दीं।
सीएम धामी ने कहा कि सतपाल महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर आश्रम से लेकर ऋषिकुल मैदान तक श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी दिखाई दी, लेकिन इसके बावजूद पूरे आयोजन में अनुशासन बना रहा और किसी प्रकार की अव्यवस्था नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि यह सतपाल महाराज की प्रेरणा और उनके अनुयायियों के संस्कारों का परिचायक है। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज को भारत ही नहीं, बल्कि अन्य देशों के लोग भी अपना आध्यात्मिक मार्गदर्शक मानते हैं।
विचार, वाणी और कर्मों में शुद्धता जरूरी : सतपाल महाराज…..
समारोह को संबोधित करते हुए आध्यात्मिक गुरु एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि देश की एकता और अखंडता, भेदभाव रहित समाज, आपसी सौहार्द तथा राष्ट्रीय विकास में योगदान देना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से आत्मज्ञान और आंतरिक शांति की प्राप्ति संभव है।
उन्होंने अनुयायियों से आत्मज्ञान और गुरु कृपा के महत्व को समझने का आह्वान करते हुए कहा कि व्यक्ति के विचारों, वाणी और कर्मों में शुद्धता होनी चाहिए। सकारात्मक विचारों पर ध्यान केंद्रित करने से जीवन की कठिनाइयों का सामना करने का सामर्थ्य मिलता है और उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
सतपाल महाराज ने कहा कि मानव धर्म ही सच्चा धर्म है। उन्होंने युवा पीढ़ी को शास्त्रों की शिक्षा ग्रहण करने तथा चरित्रवान बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शास्त्रों की शिक्षा युवा पीढ़ी को सही मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उनके आध्यात्मिक संदेशों के दौरान पूरा पंडाल जयकारों और आध्यात्मिक भाव से गूंज उठा।
अमित शाह का शुभकामना संदेश पढ़ा गया…..
समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से सतपाल महाराज के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर भेजे गए शुभकामना संदेश को भी पढ़कर सुनाया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा विधायक आदेश चौहान, सतपाल महाराज की धर्मपत्नी अमृता रावत, पुत्र विभुजी महाराज, सुयश महाराज, पुत्रवधू आराध्या रावत और मोहिना कुमारी, रीवा राजघराने से पुष्पराज भूदेव, रागिनी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, रुड़की जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, विक्रम भुल्लर और मनोज गौतम सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं अनुयायी मौजूद रहे।



