
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मकर संक्रांति के बाद भी चाईनीज मांझे का जानलेवा खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आमजन की जान पर बन आए इस खतरनाक मांझे के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कनखल क्षेत्र में कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर चाईनीज मांझे के तीन गट्टू बरामद किए हैं और एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में जिलेभर में चाईनीज मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अवैध रूप से चाईनीज मांझे के भंडारण, बिक्री और प्रयोग पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने पहले ही नोटिस और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से स्पष्ट कर दिया था कि चाईनीज मांझा पाए जाने पर सीधे गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
इसी क्रम में थाना कनखल पुलिस ने थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने राजघाट क्षेत्र स्थित खन्ना निवास में दबिश दी। तलाशी के दौरान दलजीत पुत्र स्व. सुरजीत निवासी खन्ना निवास राजघाट थाना कनखल के पास से तीन गट्टू चाईनीज मांझा बरामद किए गए। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में पूर्व में भी चाईनीज मांझे से गला कटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोग बाल-बाल बचे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे इस खतरनाक मांझे का प्रयोग कर रहे हैं। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चाईनीज मांझे का किसी भी रूप में प्रयोग न करें।
यदि कहीं इसके अवैध व्यापार या इस्तेमाल की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें—सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस टीम में एसओ मनोहर सिंह रावत, एसएसआई सतेंद्र भण्डारी, अ0उपनिरीक्षक नन्द किशोर, हेडकांस्टेबल जितेंद्र कुमार व कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे।



